Thursday , April 2 2026

हालत बिगड़ने पर कल्‍याण को लाइफ सेविंग सपोर्ट सिस्‍टम पर रखा गया

-राजनाथ सिंह संजय गांधी पीजीआई पहुंचे कल्‍याण सिंह को देखने

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। यहां संजय गांधी पीजीआई में भर्ती राजस्‍थान के पूर्व गवर्नर व उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक है, उन्‍हें कल शाम से लाइफ सेविंग सपोर्ट सिस्‍टम पर रखा गया है। उनकी हालत अस्थिर बनी हुई है। कल्‍याण सिंह को देखने आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी एसजीपीजीआई पहुंचे।

एसजीपीजीआई द्वारा जारी बुलेटिन में यह जानकारी देते हुए बताया गया है रक्षा मंत्री जब कल्‍याण सिंह को देखने पहुंचे तो उस समय निदेशक डॉ आरके धीमन, मुख्‍य चिकित्‍सा अधीक्षक, अधीक्षक भी उपस्थित रहे, राजनाथ सिंह ने चिकित्‍सकों से कल्‍याण सिंह के स्‍वास्‍थ्‍य के बारे में जानकारी ली। कल्याण सिंह के स्वास्थ्य की स्थिति नाजुक है। गंभीर हालत में उन्हें 4 जुलाई को क्रिटिकल केयर मेडिसिन के आईसीयू में  भर्ती कराया गया था। उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हुआ। लेकिन शनिवार 17 जुलाई की शाम को सांस में दिक्‍कत होने के कारण उन्हें नॉन इनवेसिव वेंटिलेशन पर रखा गया था। इसके बाद हालत अस्थिर बने रहने पर उन्हें कल 20 जुलाई को शाम से लाइफ सेविंग सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। बताया गया है कि विशेषज्ञ सलाहकारों द्वारा उनके नैदानिक ​​मापदंडों की बारीकी से निगरानी की जा रही है। क्रिटिकल केयर मेडिसिन,  कार्डियोलॉजी नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी और एंडोक्राइनोलॉजी के सीनियर फैकल्टी डॉक्‍टर कल्‍याण सिंह के स्वास्थ्य से जुड़े तमाम पहलुओं पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।