Thursday , February 5 2026

हमारे हाथ में है कि सोशल मीडिया को वरदान बनायें या अभिशाप

-मानव सभ्‍यता के लिए सोशल मीडिया बहुत उपयोगी बताया कुलपति ने

-केजीएमयू में स्‍टूडेंट काउंसिल ने आयोजित की वादविवाद प्रतियोगिता

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय के कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल डॉ बिपिन पुरी ने कहा है कि सोशल मीडिया निस्संदेह मानव सभ्यता के लिए बहुत उपयोगी है क्योंकि इसने पूरी दुनिया को एक ऐसे स्थान पर एक साथ ला खड़ा किया है जहां व्यक्ति अपने विचार और राय साझा कर सकते हैं, इस तरह के स्वस्थ प्रयोग सबके लिए फायदेमंद साबित होते हैं क्योंकि यह सह-विकास और कौशल बढ़ाने में मदद करता है।

पैरामेडिकल की छात्रा अनन्‍या पाण्‍डेय ने एमबीबीएस, बीडीएस जैसी पढ़ाई वाले छात्रों के साथ प्रतियोगिता में भाग लेते हुए ब्रोंज मेडल हासिल किया
गोल्‍ड मेडलिस्‍ट डॉ देविशा

यह विचार कुलपति ने आज स्टूडेंट काउन्सिल द्वारा ‘‘क्या सोशल मीडिया ने हमें करीब ला दिया है‘’ विषय पर कलाम सेंटर में वाद-विवाद प्रतियोगिता ‘’टॉकिंग टाइटनस’’ के आयोजन के मौके पर मुख्‍य अतिथि के रूप में सम्‍बोधित करते हुए व्‍यक्‍त किये।

उन्‍होंने कहा कि सोशल मीडिया अपने आप में न तो वरदान है और न ही अभिशाप, यह पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करता है कि हम इसका उपयोग कैसे करते हैं। हमें अपनी उत्पादक और अनुत्पादक गतिविधियों के बीच संतुलन बनाए रखना चाहिए। उन्होंने डिबेट कार्यक्रम में उपास्थित सभी छात्र-छात्राओं उत्साहवर्धन किया।

कुलपति द्वारा डिबेट कार्यक्रम में प्रथम पुरुस्कार डा0 देविशा अग्रवाल जे आर 3 , इ एन टी डिपार्टमेंट को गोल्ड मेडल से, द्वितीय पुरुस्कार  मोनिका चौधरी, बी डी एस, द्वितीय वर्ष को सिल्वर मैडल से एवं तृतीय पुरुस्कार अनन्या पाण्डेय, द्वितीय वर्ष, पैरामेडिकल को ब्रोंज मैडल से सम्मानित किया गया। डिबेट कार्यक्रम में 12 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अधिष्ठाता, माइक्रोबायोलोजी, प्रो. अमिता जैन, यूरोलॉजी विभाग के  प्रो. अपुल गोयल  तथा छात्र– छात्राएं उपस्थिति रहे। इस कार्यक्रम का आयोजन डा0 आर एन श्रीवास्तव की गाइडेंस में डा0 रमेश भारती द्वारा संचालित किया गया जिसमे को- होस्टिंग शाह हेमिल पंकज एवं राशि शुक्ला द्वारा की गयी।