-विश्व कैंसर दिवस पर केजीएमयू के ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग में कार्यक्रम आयोजित

सेहत टाइम्स
लखनऊ। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर “यूनाइटेड बाय यूनिक” थीम के अंतर्गत एक विशेष सम्मान सभा एवं शैक्षणिक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन Department of Oral and Maxillofacial Surgery तथा Indian Cancer Society (उत्तर प्रदेश चैप्टर) के संयुक्त तत्वावधान में, Dakshama Health Education के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कैंसर की रोकथाम, शीघ्र निदान, जन-जागरूकता तथा रोगियों को समग्र सहयोग प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष, Department of Oral and Maxillofacial Surgery एवं Indian Cancer Society के सेक्रेटरी डॉ. उमा शंकर पाल द्वारा स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने मुख एवं मुखगुहा कैंसर पर विस्तृत व्याख्यान देते हुए इसके प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, जोखिम कारकों तथा समय पर उपचार की आवश्यकता पर बल दिया।
इस आयोजन में तीन पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित विभूतियों की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम की सम्मान सभा में पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद एवं पद्मश्री डॉ. शादाब मोहम्मद सहित अन्य पद्मश्री विभूतियों को कैंसर के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लंग कैंसर पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें भारत में फेफड़ों के कैंसर की बढ़ती व्यापकता, प्रमुख जोखिम कारकों जैसे तंबाकू सेवन, पर्यावरणीय प्रदूषण एवं अस्वस्थ जीवनशैली, तथा रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने समय पर पहचान एवं जागरूकता को प्रभावी नियंत्रण की कुंजी बताया।
इस अवसर पर केजीएमयू की कुलपति पद्मश्री प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद ने मुख कैंसर की रोकथाम पर विशेष बल दिया। उन्होंने एचपीवी से संबंधित सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में वैक्सीन की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला तथा विश्वविद्यालय की मोबाइल डेंटल वैन के माध्यम से संचालित ओरल कैंसर स्क्रीनिंग शिविरों की सराहना की। डीन, डेंटल की उपस्थिति में कार्यक्रम को विशेष महत्व मिला। इस दौरान कैंसर के भर्ती मरीजों को आवश्यक दवाइयाँ एवं कंबलों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में प्लास्टिक सर्जन डॉ. विजय कुमार, डॉ. हरिराम, डॉ. प्रदीप टंडन, डॉ. अमिय अग्रवाल, डॉ. अरुणेश तिवारी एवं डॉ. अखिलेश पांडेय सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। प्रोफेसर डॉ. शैलेंद्र तथा श्री हरभज राम कृपादेवी धर्मार्थ अस्पताल, चारबाग, लखनऊ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विद्यासागर गुप्ता भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। श्री गुप्ता ने आर्थिक रूप से कमजोर ओरल कैंसर रोगियों को प्रति माह ₹5,000 मूल्य की आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का एक विशेष सत्र कैंसर रोगियों के समग्र प्रबंधन में संगीत चिकित्सा की भूमिका पर केंद्रित रहा, जिसमें रोगियों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागाध्यक्षों एवं फैकल्टी सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिसने कैंसर के विरुद्ध सामूहिक प्रयास, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times