-गोल्डेन फ्यूचर स्कूल में आयोजित किया गया जागरूकता कार्यक्रम
-सरस्वती डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल लखनऊ मना रहा विश्व तंबाकू निषेध माह

सेहत टाइम्स
लखनऊ। सरस्वती डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल लखनऊ द्वारा विश्व तंबाकू निषेध माह के अवसर पर 27 अप्रैल 2026 से 31 मई 2026 तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का आयोजन प्राथमिक विद्यालय, उत्तरधौना में किया जा रहा है, जिसमें एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना) तथा उन्नत भारत अभियान (UBA) के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य तंबाकू के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति आमजन, विशेषकर बच्चों और ग्रामीण समुदाय को जागरूक करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं निःशुल्क दंत एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।
विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं स्वयंसेवकों द्वारा तंबाकू से होने वाली बीमारियों, जैसे मुख कैंसर, दांतों एवं मसूड़ों की समस्याओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही, लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जा रहा है।
इसी क्रम में 30 अप्रैल को यहां गायत्री नगर, नौबस्ता कलां, मडि़यांव स्थित होम्योपैथिक रिसर्च फाउंडेशन के सम्राट विक्रमादित्य भवन में गोल्डेन फ्यूचर ट्रस्ट और होम्योपैथिक रिसर्च फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित गोल्डन फ्यूचर स्कूल, मड़ियांव में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया तथा उन्हें स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रदर्शन एवं इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
सरस्वती डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के प्राचार्य ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य में भी ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times