Sunday , April 26 2026

डॉ अभिजीत चन्द्रा को प्रतिष्ठित ‘बार्टन होक्सटर, MD बेस्ट वीडियो अवार्ड’

-मई में अमेरिकन सोसाइटी ऑफ कोलन एंड रेक्टल सर्जन्स की वार्षिक बैठक में किया जायेगा पुरस्कृत

डॉ. अभिजीत चंद्रा

सेहत टाइम्स

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), लखनऊ के गैस्ट्रो सर्जरी विभाग के प्रोफेसर और हेड डॉ. अभिजीत चंद्रा को अमेरिकन सोसाइटी ऑफ कोलन एंड रेक्टल सर्जन्स (ASCRS) द्वारा ‘बार्टन होक्सटर, MD बेस्ट वीडियो अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। वह भारत के एकमात्र ऐसे सर्जन हैं जिन्हें कोलोरेक्टल सर्जरी के क्षेत्र में दुनिया की अग्रणी संस्थाओं में से एक से यह सम्मान प्राप्त हुआ है।

यह जानकारी केजीएमयू के डॉ केके सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति में दी गयी है। उन्होंने बताया है कि डॉ अभिजीत चन्द्रा को यह पुरस्कार उनके एक अभिनव सर्जिकल वीडियो के लिए दिया गया है, जिसका शीर्षक है “Fluorescence Enhanced Composite Antropyloric Gluteus Maximus Transposition for Neoanal Reconstruction”। यह एक जटिल सर्जरी है जिसमें मल त्याग के लिए रोगी की अपनी ही मांसपेशियों का उपयोग करके एक नया मार्ग बनाया जाता है। यह उन रोगियों में सामान्य गुदा कार्य को बहाल करने में मदद करता है जो मल के रिसाव को नियंत्रित करने में असमर्थ होते हैं, और जिन्हें अन्यथा स्थायी ‘फीकल डायवर्जन’ [स्टोमा] की आवश्यकता पड़ती है।

यह पुरस्कार औपचारिक रूप से 9 से 12 मई, 2026 तक अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित टैम्पा में आयोजित होने वाली 2026 ASCRS वार्षिक वैज्ञानिक बैठक में प्रदान किया जाएगा। आपको बता दें कि ‘बार्टन होक्सटर अवार्ड’ का नाम कोलोरेक्टल सर्जरी के क्षेत्र में अग्रणी रहे दिवंगत डॉ. बार्टन होक्सटर के नाम पर रखा गया है। यह पुरस्कार वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से सर्जिकल शिक्षा और नवाचार में उत्कृष्टता को मान्यता देता है।