-16 जनवरी को उत्तर प्रदेश में 22643 को लगी थी वैक्सीन

सेहत टाइम्स ब्यूरो
लखनऊ। वैश्विक महामारी कोविड-19 पर विजय पाने के लिए शुरू हुए टीकाकरण के अभियान का दूसरा चरण 22 जनवरी को आयोजित होगा, इस दिन शेष चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों (फ्रंटलाइनर्स) को कोविड का टीका लगाया जायेगा। पहले दिन उत्तर प्रदेश में 22,643 लोगों को वैक्सीन का पहला डोज लगा है, इन सभी को 15 फरवरी को दूसरा डोज लगाया जायेगा।
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने लोक भवन में प्रेस प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए बताया कि गत दिवस 16 जनवरी को कोविड वैक्सीन स्वास्थ्य कर्मियों को लगाने की कार्यवाही की गयी थी तथा 22 जनवरी को बचे हुए डॉक्टर्स व स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाने की कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के सम्बंध में किसी भी प्रकार का भ्रम न रखें। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाया जा रहा है। भारत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन एवं क्रम के अनुसार कोविड वैक्सीनेशन का कार्य संचालित किया जा रहा है। इसमें किसी भी प्रकार का कोई भी बदलाव नहीं किया जायेगा।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कुल 317 स्थानों पर वैक्सीनेशन का कार्य किया जा रहा है जिसमें कल 22,643 डॉक्टर/स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की प्रथम डोज लगाई गई तथा शेष स्वास्थ्य कर्मियों को 22 जनवरी को वैक्सीन लगायी जायेगी। उन्होंने बताया कि वैक्सीन की दूसरी डोज 15 फरवरी को लगाई जायेगी।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times