Sunday , July 26 2026

तबादला नीति और दूसरी मांगों को पूरा करने पर चल रही है कार्यवाही

-कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल को प्रगति से अवगत कराया अपर मुख्‍य सचिव कार्मिक ने

 

सेहत टाइम्‍स 

लखनऊ। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश का चार सदस्‍यीय प्रतिनिधिमंडल वीपी मिश्र अध्यक्ष, कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में देवेश चतुर्वेदी अपर मुख्य सचिव कार्मिक से मिला। श्री चतुर्वेदी ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि स्‍थानांतरण नीति में संशोधन की कार्यवाही हो रही है, इसके अ‍लावा मोर्चा की अन्‍य मांगों पर जल्‍द ही बैठक आयोजित की जा रही है।

वीपी मिश्रा के नेतृत्‍व वाले चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में सुरेश कुमार रावत अध्यक्ष, अतुल मिश्रा महामंत्री एवं गिरीश मिश्र वरिष्ठ उपाध्यक्ष शामिल थे। अतुल मिश्रा महामंत्री ने अपर मुख्य सचिव कार्मिक को बताया कि वर्ष के 23-24 की स्थानांतरण नीति की धारा 12 के अंतर्गत कर्मचारी संगठनों के जनपदीय अध्यक्ष /मंत्री को 2 वर्ष कार्यकाल पूरा होने पर स्थानांतरित किया गया है, जिससे कर्मचारी संगठनों में तीव्र आक्रोश व्याप्त है और आंदोलन चल रहे हैं, इसलिए परिषद ने पत्र भेजकर इसमें संशोधन कर पूर्व की व्यवस्था लागू करने की मांग की थी।

श्री मिश्रा ने मांग की थी कि धारा 12 को स्थगित कर के पूर्व व्यवस्था लागू की जाए। वीपी मिश्रा ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों पर डेढ़ वर्ष से मुख्य सचिव स्तर पर एक भी बैठक नहीं हुई जिसके कारण सभी मांगें लंबित पड़ी हैं जबकि मोर्चा द्वारा कई बार पत्र भेजकर बैठक की मांग की जा चुकी है।

श्री चतुर्वेदी ने बताया कि स्थानांतरण नीति के तहत उनके सुझाव के अनुसार संशोधन की कार्यवाही की जा रही है तथा कर्मचारी संगठनों व उनके पदाधिकारियों के हितों की रक्षा की जाएगी। उन्‍होंने यह भी कहा कि मोर्चा की मांगों पर जल्द बैठक आयोजित की जा रही है। इसके बाद मुख्य सचिव स्तर पर वित्तीय मामलों पर बैठक की जाएगी।

परिषद के  नेताओं ने अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक द्वारा सार्थक दृष्टिकोण अपनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।