-केजीएमयू में “मासिक धर्म एवं जननांग स्वच्छता” पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सेहत टाइम्स
लखनऊ। महिलाओं एवं छात्राओं में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मासिक धर्म एवं जननांग स्वच्छता (Menstrual and Genital Hygiene)” विषय पर किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीेएमयू) में आज 25 नवम्बर को एक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। डॉ० स्मृति अग्रवाल, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी ने अपने व्याख्यान के माध्यम से मासिक धर्म एवं जननांग स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। डॉ स्मृति ने मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व, मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, सैनिटरी पैड के उचित उपयोग एवं निस्तारण, मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों तथा इस दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को मासिक धर्म के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
केजीएमयू द्वारा जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए बताया गया है कि सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देख-रेख विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो केके सिंह के निर्देशानुसार छात्राओं में मासिक धर्म एवं जननांग स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोेजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामाजिक भ्रांतियों को दूर करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाना है।
समय पर परामर्श से जटिलता से बचना संभव
सह-अधिष्ठाता डॉ० सौम्या सिंह ने जननांग स्वच्छता, प्रजनन स्वास्थ्य, संक्रमण से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता की आदतों तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के शुरुआती लक्षणों की पहचान के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि उचित स्वच्छता एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श से अनेक संक्रमणों और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से बचाव किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को बिना किसी संकोच के साझा करने तथा आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में सोनिया शुक्ला, शिवानी वर्मा, दीपांशु यादव, अकांक्षादीप, महिमा वर्मा, शाम्भवी मिश्रा, स्वप्नील बरनवाल, अनुप कुमार, प्रियांशी सिंह, विधि भार्गव, विकास मिश्रा एवं सन्तोष प्रजापति आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित शिवानी वर्मा द्वारा किया गया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times