-बढ़े हुए प्रोस्टेट का बिना सर्जरी होम्योपैथिक इलाज के 756 मरीजों की स्टडी प्रस्तुत की डॉ गिरीश गुप्ता ने
-दो दिवसीय इंटरनेशनल होम्योपैथिक कॉन्क्लेव में 1400 राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय डेलीगेट्स के बीच दिया प्रेजेन्टेशन


सेहत टाइम्स
लखनऊ। हैदराबाद (तेलंगाना) के रमणीय स्थल कान्हा शान्तिवनम में दो दिवसीय इंटरनेशनल होम्योपैथिक कॉन्क्लेव के लिए बनाया गया खूबसूरत हॉल नंबर एक उस समय तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा जब लखनऊ के गौरांग क्लीनिक एंड सेंटर फॉर होम्योपैथिक रिसर्च (जीसीसीएचआर) के संस्थापक व चीफ कन्सल्टेंट डॉ गिरीश गुप्ता ने बिना सर्जरी सिर्फ होम्योपैथिक दवाओं से प्रोस्टेट के इलाज पर अपने 33 वर्षों में 756 मरीजों के वैज्ञानिक साक्ष्य सहित किये गये उपचार की स्टडी प्रस्तुत की। 21 व 22 नवम्बर, 2026 को आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के करीब 1400 डेलीगेट्स ने हिस्सा लिया।
डॉ गिरीश गुप्ता के प्रेजेन्टेशन से हुई शुरुआत
दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में कुल 66 व्याख्यान प्रस्तुत किये गये, कॉन्फ्रेंस के पहले दिन ही इसकी शुरुआत डॉ गिरीश गुप्ता के प्रेजेन्टेशन से हुई। डॉ गुप्ता ने अपनी प्रस्तुति में पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया कि हैदराबाद में उन्होंने पहली बार नवम्बर 1981 में आईआईएचपी की प्रथम नेशनल कॉन्फ्रेंस में भाग लिया था, जिसमें उन्होंने Anti-viral activity of homoeopathic drugs against Tobacco Mosaic Virus on plants विषय पर राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई), लखनऊ में किये गये अपने शोध कार्य को प्रस्तुत किया था। उन्होंने कहा कि आज 45 वर्षों बाद एक बार फिर से उसी हैदराबाद में और उसी आईआईएचपी के मंच से प्रोस्टेट पर अपने 33 वर्षों की स्टडी को प्रस्तुत करते हुए हार्दिक प्रसन्नता हो रही है।
वैज्ञानिक साक्ष्य उपलब्ध
डॉ गिरीश ने बढ़े हुए प्रोस्टेट का बिना सर्जरी इलाज करने का उद्देश्य लेकर जीसीसीएचआर में की गयी 756 केसेज की स्टडी के बारे में पावर प्रेजेन्ट्रेशन के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेंटर पर उपचार किये गये कुल केसेज की संख्या 899 है, लेकिन स्टडी में उन्हीं 756 केसेज को शामिल किया गया है जिनका साक्ष्य सहित सभी डॉक्यूमेंट्स हार्ड कॉपी में भी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्य के रूप में प्रोस्टेट की बीमारी की पहचान, उपचार की प्रगति और उपचार के बाद की स्थिति प्रोस्टेट की अल्ट्रासाउन्ड जांच रिपोर्ट से तय की गयी है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 1993 से मार्च 2026 तक की अवधि में किये गये उपचार में कुल 756 केसेज में चारों लेवल के केस शामिल हैं, इनमें ग्रेड 1 के 54.40 प्रतिशत, ग्रेड 2 के 42 प्रतिशत, ग्रेड 3 के 13 प्रतिशत तथा ग्रेड 4 के 4 प्रतिशत केस थे।
परिणाम
डॉ गिरीश ने बताया कि होम्योपैथिक की क्लासिकल पद्धति (यानी इलाज सिर्फ बीमारी को केंद्र में रखकर नहीं, बल्कि मरीज की शारीरिक एवं मन:स्थिति के अनुसार औषधि का चुनाव) के अनुसार किये गये उपचार में 59 प्रतिशत मरीज या तो पूरी तरह या काफी हद तक ठीक हो गये, इनमें ग्रेड 1 के 31.60 प्रतिशत, ग्रेड 2 के 62.10 प्रतिशत, ग्रेड 3 के 58.42 प्रतिशत तथा ग्रेड 4 के 68.75 प्रतिशत मरीज शामिल हैं।
डॉ गिरीश ने ग्रेड 3 और ग्रेड 4 के दो मॉडल केस भी प्रस्तुत किये। उन्होंने बताया कि सबसे बड़ा प्रोस्टेट 185 ग्राम का था जो घटकर 151 ग्राम आ गया तथा सबसे बड़ा प्रोस्टेट जो पूरी तरह ठीक हो गया, वह 60 ग्राम का था और यह 66 दिन में नॉर्मल हो गया। इसी प्रकार सबसे जल्दी नॉर्मल होने वाले में 50 ग्राम का प्रोस्टेट 35 दिनों में 20 ग्राम का हो गया। सबसे ज्यादा आयु वाला मरीज 98 वर्ष का रहा तथा 100 दिन के इलाज में इसका प्रोस्टेट 51 ग्राम से 43 ग्राम आ गया।
प्रतिष्ठित जर्नल्स में प्रकाशन
उन्होंने बताया कि प्रोस्टेट पर उनकी अनेक स्टडीज का प्रकाशन देश-विदेश के अनेक जर्नल्स में हो चुका है, इनमें 1994 में एशियन होम्योपैथिक जर्नल, 2010 में आईजेआरएच का पीयर रिव्यू जर्नल, 2012 में अमेरिकन जर्नल ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन, 2016 में आईजेआरएच के पीयर रिव्यू जर्नल तथा 2018 में इंटरनेशनल जर्नल फॉर क्लासिकल होम्योपैथी ‘होम्योपैथिक लिंक्स’ शामिल हैं। इसके अलावा एडवांस्मेंट इन होम्योपैथिक रिसर्च जर्नल में यह अंडर पब्लिकेशन है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times