-लोहिया संस्थान में “Artificial Intelligence in Healthcare : From Knowledge to Practice” विषय पर कार्यशाला आयोजित

सेहत टाइम्स
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (Dr. RMLIMS), लखनऊ के निदेशक प्रो सीएम सिंह ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जिम्मेदार एवं नैतिक उपयोग पर बल देते हुए कहा है कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। AI के माध्यम से मरीजों की देखभाल, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं अस्पताल की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सुगम बनाया जा सकता है।
निदेशक 16 नवंबर को संस्थान के प्रशासनिक भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में “Artificial Intelligence in Healthcare : From Knowledge to Practice” विषय पर आयोजित एक हैंड्स-ऑन कार्यशाला का उद्घाटन करने के बाद भाग लेने वाले चिकित्सकों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने चिकित्सकों एवं युवा संकाय सदस्यों को दैनिक चिकित्सा कार्यों की चुनौतियों के समाधान में नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
ओपीडी की कार्यक्षमता बढ़ाना संभव
कार्यशाला के मुख्य वक्ता अनुराग धींगरा, चीफ ऑफ टेक्नोलॉजी, MediSageAI ने Agentic Artificial Intelligence तथा स्वास्थ्य सेवाओं में इसके व्यावहारिक उपयोग पर एक रोचक एवं संवादात्मक व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि AI आधारित प्रणालियां चिकित्सकों के जटिल एवं दोहराव वाले कार्यों को सरल बनाने, क्लिनिकल डॉक्यूमेंटेशन को बेहतर करने, मरीजों की देखभाल से जुड़ी प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने तथा अधिक मरीजों वाले ओपीडी में कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
लाइव डेमोस्ट्रेशन से प्रशिक्षण
कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण MediSageAI का लाइव डेमोंस्ट्रेशन रहा, जिसमें व्यस्त ओपीडी व्यवस्था में AI आधारित क्लिनिकल असिस्टेंस टूल्स के उपयोग को प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से यह बताया गया कि किस प्रकार AI तकनीक नियमित क्लिनिकल डॉक्यूमेंटेशन एवं वर्कफ्लो मैनेजमेंट में चिकित्सकों की सहायता कर सकती है। इससे प्रशासनिक कार्यों का बोझ कम करने, परामर्श के समय का बेहतर उपयोग करने तथा चिकित्सकों को मरीजों की देखभाल के लिए अधिक समय उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
इस कार्यक्रम का आयोजन कार्यशाला आयोजन अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अजय कुमार वर्मा, नोडल ऑफिसर, AI सेल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मृत्युंजय सिंह, सदस्य, AI सेल एवं आयोजन सचिव ने किया। उन्होंने अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) विक्रम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, प्रो. बी.सी. तिवारी, प्रभारी, जनसंपर्क प्रकोष्ठ तथा दीपक सिन्हा, आईआईटी कानपुर एवं AI सेल के विशेष सलाहकार सहित आयोजन समिति के सदस्य डॉ. मिली सेंगर, डॉ. शिखर सिंह एवं डॉ. अनुरंजन विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
कार्यशाला में संस्थान के विभिन्न विभागों के लगभग 70–80 संकाय सदस्यों एवं रेजिडेंट चिकित्सकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संवादात्मक सत्र एवं व्यावहारिक प्रदर्शन को प्रतिभागियों ने सराहा तथा दैनिक चिकित्सा कार्यों में AI टूल्स के उपयोग को लेकर विशेष रुचि दिखाई।
संस्थान का कहना है कि यह पहल डॉ. आरएमएलआईएमएस की स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीकी नवाचार एवं संस्थागत क्षमता निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। संस्थान का AI सेल भविष्य में AI आधारित समाधानों के विकास, उनके उपयोग एवं क्लिनिकल वैलिडेशन की दिशा में कार्य करेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान को और बेहतर बनाया जा सके। यह कार्यशाला उभरती हुई AI तकनीकों और उनके वास्तविक क्लिनिकल उपयोग के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में संस्थान का एक महत्वपूर्ण कदम है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times