-श्रीराम कथा आध्यात्मिक सत्संग के चौथे दिन चरण पादुका पूजन, रुद्राभिषेक के साथ ही प्रवचन की बही गंगा
-28 अक्टूबर से प्रारम्भ हुए इस धार्मिक अनुष्ठान के पांचवें और अंतिम दिन रविवार को भंडारे का आयोजन


सेहत टाइम्स
लखनऊ। यहां इन्दिरानगर के मोहम्मदपुर मजरा ऋषि विहार सच्चिदानंद आश्रम में चल रही पांच दिवसीय श्रीराम कथा आध्यात्मिक सत्संग में 31 अक्टूबर को अनन्त श्री विभूषित काशीधर्मपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री नारायणानंद तीर्थ जी महाराज ने भक्तों को प्रभु श्रीराम से जुड़े प्रसंगों का रसास्वाद कराया, इन प्रसंगों के जरिये उन्होंने सत्मार्ग पर चलने के लिए भी प्रेरित किया। श्रीराम कथा श्री नारायण सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में शनिवार को प्रत्येक दिन हो रहे चरण पादुका पूजन, रुद्राभिषेक अनुष्ठानों के साथ ही स्वामी जी की गौमाता के प्रति श्रद्धा एवं मानव के साथ ही पशु-पक्षी के प्रति करुण भाव भी देखने को मिला।


स्वामीजी ने कथास्थल के बगल स्थित आस्था हेल्थ रिजॉर्ट्स ओल्ड एज होम का भी भ्रमण किया। स्वामीजी ने ओल्ड एज होम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के बीच पहुंचे स्वामी ने अत्यन्त आत्मीय भाव के साथ वार्तालाप की। ओल्ड एज होम के संचालन कार्यों से जुड़े पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ ए.के. शुक्ला व उनकी पत्नी मंजू शुक्ला ने उन्हें पूरे परिसर का भ्रमण कराया। स्वामी जी ने इसके संचालन की प्रशंसा करते हुए कहा कि मैंने यहां रहने, खाने की सुविधाओं के साथ ही इसके कुशल संचालन को देखा, जितने लोग भी संचालन की सेवा में लगे हैं, सभी प्रशंसा के पात्र हैं।
स्वामी जी ने रिसॉर्ट में विभिन्न प्रकार के पशु-पक्षियों के बाड़ों एवं यहां की गौशाला का भी भ्रमण किया। उन्होंने यहां गायों, बछड़े, बछिया को फल खिलाते हुए कहा कि गाय में संसार में जितने भी देवी-देवता हैं, सब इसमें रहते हैं। इतनी अच्छी कल्पना सनातन धर्म के सिवा कहां मिल सकती है। उन्होंने कहा कि इन जानवरों को लोगों को डर लग रहा है, उन्होंने गौमाता को पुचकारते हुए कहा कि डरो मत। इस भ्रमण में स्वामीजी के साथ आयोजन समिति के सदस्यों के साथ खासी संख्या में सत्संग में भाग लेने आये पुरुष-स्त्री भी मौजूद रहे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times