-केजीएमयू में प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बीच कार्यक्रम आयोजित

सेहत टाइम्स
लखनऊ। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत MY Bharat (माय भारत) द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का उत्तर प्रदेश स्तरीय भव्य शुभारंभ रविवार को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ के प्रशासनिक भवन स्थित ब्राउन हॉल में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, KGMU की कुलपति पद्मश्री प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद, युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के सचिव सुहास एल.वाई. (IAS) तथा MY Bharat उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में 300 से अधिक MY Bharat स्वयंसेवकों एवं KGMU के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी वर्चुअल संबोधन से जुड़कर ‘नशामुक्त एवं विकसित भारत’ के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
उत्तर प्रदेश में यह अभियान राज्य तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सभी जनपदों एवं विकास खंडों तक जनभागीदारी के साथ पहुँचा। MY Bharat स्वयंसेवकों के नेतृत्व में प्रदेशभर में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित मेगा कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवाओं, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों, युवा मंडलों तथा शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। सभी स्थानों पर युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन से जुड़कर ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ का सामूहिक संकल्प लिया और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सक्रिय जन-जागरूकता अभियान चलाने का प्रण लिया।
प्रधानमंत्री ने दिया स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा शक्ति का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों से जुड़े करोड़ों युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशामुक्त, स्वस्थ, आत्मविश्वासी और जागरूक होगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे बड़ा शत्रु है।
‘हर युवा एक व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कराये’ : राज्यपाल
अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि “प्रत्येक युवा कम-से-कम एक ऐसे व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कराने का संकल्प ले।” उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक युवा एक व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करे, तो नशामुक्त समाज का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने KGMU द्वारा गोद लिए गए पाँच ग्रामों का विशेष उल्लेख करते हुए सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को 10-10 सदस्यीय समूहों में विभाजित कर प्रत्येक घर का सर्वेक्षण करना चाहिए, नशे से प्रभावित व्यक्तियों की पहचान करनी चाहिए तथा चिकित्सकीय परामर्श, जन-जागरूकता और सतत संवाद के माध्यम से उन्हें नशे की लत से बाहर लाने का प्रयास करना चाहिए।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times