Sunday , July 12 2026

केजीएमयू का दीक्षांत समारोह 13 जुलाई को, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि

-हीवेट-चांसलर मेडल सहित 16 पदकों के साथ दीप्ति शर्मा ने किया टॉप

-केजीएमयू व सम्बद्ध कॉलेजों के 1701 विद्यार्थियों को दी जायेंगी डिग्रियां

सेहत टाइम्स

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) का 22वां दीक्षांत समारोह सोमवार 13 जुलाई को आयोजित किया जा रहा है, इसकी अध्यक्षता कुलाधिपति, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी जबकि मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को आमंत्रित किया गया है। इस बार एमबीबीएस की छात्रा दीप्ति शर्मा ने टॉप किया है, उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑनर्स गोल्ड मेडल, हेवेट गोल्ड मेडल, चांसलर गोल्ड मेडल, प्रोविंशियल मेडिकल सर्विसेज़ एसोसिएशन गोल्ड मेडल समेत 16 पदक व सर्टीफिकेट हासिल किये हैं। बीडीएस में अभिलाषा घोष (7 गोल्ड/सिल्वर मेडल समेत) और अनिकेत चंद्र सक्सेना टॉपर हैं। मेधावियों की टॉप 20 सूची में 11 पुरुष व 9 स्त्री शामिल हैं। दीक्षांत समारोह में 1701 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जायेंगी, इनमें 975 पुरुष और 726 महिला हैं।

यह जानकारी शनिवार 11 जुलाई को केजीएमयू में आयोेजित पत्रकार वार्ता में कुलपति पद्मश्री डॉ सोनिया नित्यानंद ने दी। उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होेने वाले दीक्षांत समारोह में उपमुख्यमंत्री, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ब्रजेश पाठक व राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

डॉ. एम. श्रीनिवास को मिलेगी मानद डी.एससी. उपाधि

उन्होंने बताया कि जिन 1701 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जायेंगी उनमें केजीएमयू कैंपस के 515 तथा केजीएमयू से सम्बद्ध 11 मेडिकल एवं 7 नर्सिंग कॉलेजों के 1186 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि समारोह में 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को विभिन्न स्वर्ण पदक और पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। समारोह में नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य नीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डी.एससी. की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में एमबीबीएस, बीडीएस, डीएम, एमसीएच, नर्सिंग और अन्य पाठ्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थियों को भी स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया जाएगा।

DM/MCh – 10 सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को गोल्ड मेडल: डॉ. प्रभात शुक्ला (सर्जिकल ऑन्कोलॉजी), डॉ. प्रीति गुप्ता (न्यूरोलॉजी), डॉ. सरितेश कुमार ठाकुर (न्यूरोलॉजी), डॉ. जितेंद्र यादव (यूरोलॉजी), डॉ. रूपल प्रसाद (रुमेटोलॉजी), डॉ. साकेत रामरायका (कार्डियोलॉजी), डॉ. सिद्धार्थ शर्मा (कार्डियोलॉजी), डॉ. शुभ्रा श्रीवास्तव (पल्मोनरी मेडिसिन), डॉ. जेसन गोलमेई (न्यूरोसर्जरी), श्रीवत्स मिश्रा (प्लास्टिक सर्जरी)।

MSc नर्सिंग: साक्षी त्रिपाठी – पद्मश्री डॉ. सब्यसाची सरकार गोल्ड मेडल।

बेस्ट PG थीसिस: डॉ. शालिनी सिंह (फार्माकोलॉजी) और डॉ. अरित्र साहा (क्लिनिकल हेमेटोलॉजी) को स्कॉलरशिप-कम-अवॉर्ड।

खेल-कूद (Sports): निखिल वर्मा बकली कप; दिव्यांशी सिंह चैंपियन एथलीट (गर्ल्स), DRONA 2025।

फैकल्टी अवॉर्ड: प्रो. आर.के. गर्ग को प्रो. के.बी. भाटिया गोल्ड मेडल (प्रतिष्ठित फैकल्टी, मेडिसिन और संबंधित सुपर-स्पेशियलिटीज़)

फैकल्टी एप्रिसिएशन अवार्ड्स:

1. डॉ. ऋषि सेठी (कार्डियोलॉजी),
2. डॉ. शालिनी त्रिपाठी (पीडियाट्रिक्स),
3. डॉ. दुर्गेश कुमार द्विवेदी (रेडियोलॉजी)
4. डॉ. सुजीत कुमार कर (साइकियाट्री)

वाइस चांसलर एप्रिसिएशन अवार्ड्स

ट्रॉमा टीम: डॉ. प्रेम राज सिंह, डॉ. सोमिल जायसवाल, डॉ. अमिय अग्रवाल
HRF टीम: डॉ. कुमार शांतनु, डॉ. बालेंद्र प्रताप सिंह
डॉ. सुरेंद्र कुमार – चेयरमैन I/C, HR कमिटी
डॉ. रश्मि कुशवाहा – डीन, स्टूडेंट वेलफेयर और प्रेसिडेंट, स्पोर्ट्स एसोसिएशन, KGMU
डॉ. प्रदीप टंडन – प्रोफेसर, ऑर्थोडॉन्टिक्स और डेंटोफेशियल ऑर्थोपेडिक्स (लाइफ टाइम डेडीकेशन)

कई नई सेवाओं की भी होगी शुरुआत

कुलपति ने बताया कि समारोह के दौरान कई नई स्वास्थ्य सेवाओं और जनहितकारी सेवाओं की भी शुुरुआत होगी। इनमें ट्रॉमा सेंटर में मोबाइल सीटी स्कैन सेवा शामिल है, इस सेवा के शुरू होने के बाद गंभीर सिर की चोट वाले मरीजों की जांच बेडसाइड पर ही संभव हो सकेगी। एक अन्य सेवा में प्रत्येक छात्र को जीवन रक्षक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से ‘हृदय संजीवनी’ बेसिक लाइफ सपोर्ट कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी, जिसे आगे चलकर प्रदेश के सभी 75 जिलों तक विस्तारित किया जायेगा। इसके अतिरिक्त इस मौके पर विश्वविद्यालय के नए केंद्रीय सूचना केंद्र का उद्घाटन, पुस्तक विमोचन तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। पत्रकार वार्ता में प्रो सोनिया नित्यानंद के साथ ही प्रो प्रेमराज सिंह, प्रो केके सिंह, प्रो रश्मि कुशवाहा भी शामिल थे।