Saturday , July 11 2026

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सम्मानि​त किया लेप्रोसीमैन डॉ विवेक कुमार को

-राजनाथ के जन्मदिन पर हनुमान सेतु पर आयोजित हुआ सुंदरकांड व सम्मान समारोह

सेहत टाइम्स

लखनऊ। रक्षा मंत्री, लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर 10 जुलाई को हनुमान सेतु पर सुन्दरकांड पाठ और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजसेवा में जुटे व्यक्तियों और संगठन में योगदान देने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न से सम्मानि​त होने वाले लोगों में लेप्रोसीमैन के रूप में पहचान बनाने वाले लखनऊ के वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ विवेक कुमार भी शामिल रहे।

ज्ञात हो डॉ. विवेक कुमार का 1990 से लेप्रोसी के मरीजों की नि:शुल्क सेवा का सफर जारी है। डॉ विवेक अब तक करीब पौने तीन लाख मरीजों का उपचार कर चुके हैं। डॉ विवेक कुमार का कहना है कि कुष्ठ रोग ऐसी बीमारी है, जिसका इलाज अगर समय पर न किया जाये तो आगे चलकर अंगों के पूर्ण नष्ट होने का कारण बन सकता है। उनका कहना है कि यही नहीं दुर्भाग्य है कि ऐसे रोगी घरवालों के साथ ही समाज के अन्य वर्ग के लोगों की परोक्ष और अपरोक्ष रूप से उपेक्षा का शिकार हो जाते हैं। उन्होेंने बताया कि चिकित्सा क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सेवा करने व कुछ विशिष्ट करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जाने की पिता की दी हुई सीख और उनके आशीर्वाद का परिणाम है कि पिछले 45 वर्षों से समाजसेवा कर पा रहा हूं। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोगियों की तलाश के लिए सप्ताह में दो दिन वे मोहनलालगंज स्थित लेप्रोसी मिशनरी हॉस्पिटल में तथा समय-समय पर दूसरे ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित करते हैं।

सम्मानित होने वाले अन्य लोगों में सुभाष अग्रवाल, अजय अरोड़ा, बृज किशोर द्विवेदी, साधना वर्मा, माधुरी शुक्ला, ओम प्रकाश धानुक, राम रतन मौर्य और रामचंद्र चौरसिया शामिल थे। ब्रजेश पाठक ने राजनाथ सिंह के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि राजनाथ सिंह का सार्वजनिक जीवन सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने देश की सुरक्षा को मजबूत करने के साथ लखनऊ के विकास को ऊंचाइयों पर पहुंचाया। समारोह में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।