Monday , June 1 2026

बलरामपुर चिकित्सालय, लखनऊ के कार्यवाहक निदेशक बनाये गये डॉ विवेक गुप्ता

-निदेशक पद पर तैनात डॉ कविता आर्या हुईं सेवानिवृत्त

सेहत टाइम्स

​लखनऊ। राजधानी के बलरामपुर चिकित्सालय की निदेशक डॉ. कविता आर्या के सेवानिवृत्त होने के उपरांत, चिकित्सालय के वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विवेक गुप्ता को कार्यवाहक निदेशक (डायरेक्टर) पद का दायित्व सौंप दिया गया है। आज उन्होंने वरिष्ठ सहयोगियों की उपस्थिति में निदेशक पद का कार्यभार (चार्ज) ग्रहण किया।

​ज्ञात हो डॉ. विवेक गुप्ता का प्रमोशन पूर्व में ही निदेशक स्तर पर हो चुका है और औपचारिक पोस्टिंग ऑर्डर का आना शेष है। चिकित्सालय के सुचारु संचालन को देखते हुए उन्हें तुरंत यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डॉ. विवेक गुप्ता के कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर राजीव कुमार कनौजिया (जिला अध्यक्ष, डीपीआरए लखनऊ एवं प्रांतीय प्रवक्ता) ने अपनी पूरी टीम के साथ निदेशक कार्यालय पहुंचकर उनका भव्य स्वागत व अभिनंदन किया।

पदभार ग्रहण करने के अवसर पर डॉ. विवेक गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बलरामपुर चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर और उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने निवर्तमान निदेशक डॉ. कविता आर्या के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि पूरी टीम को साथ लेकर अस्पताल की साख को और अधिक बुलंद किया जाएगा।

​इस अवसर पर चिकित्सालय के अन्य वरिष्ठ डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्टों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने भी डॉ. विवेक गुप्ता का स्वागत किया और उनके कार्यकाल की सफलता की कामना की।