Sunday , May 17 2026

ब्लड प्रेशर की जांच के प्रति अनूठे अंदाज में किया जागरूक

-कार्यक्रम में भाग लेने की एकमात्र शर्त थी ब्लड प्रेशर की माप लेकर जांच रिपोर्ट की जानकारी देना

-आरएमएलआई के कार्डियोलॉजी विभाग ने मनाया विश्व उच्च रक्तचाप दिवस एवं प्रथम एलुमनाई मीट

सेहत टाइम्स

लखनऊ। डॉ० राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज,लखनऊ के कार्डियोलॉजी विभाग द्वारा विश्व उच्च रक्तचाप दिवस एवं प्रथम एलुमनाई मीट का भव्य आयोजन प्रशासनिक भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक फैकल्टी सदस्य, चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, विद्यार्थी, स्वास्थ्यकर्मी, एलुमनाई एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम की सबसे विशेष एवं जन-जागरूकता से जुड़ी पहल यह रही कि कार्यक्रम में प्रवेश के लिए प्रत्येक प्रतिभागी के लिए अपना ब्लड प्रेशर मापना अनिवार्य किया गया था। प्रतिभागियों की बीपी रीडिंग ही कार्यक्रम में प्रवेश का “टिकट” बनी और इस अनूठी पहल के माध्यम से समाज को यह महत्वपूर्ण संदेश दिया गया कि “अपने ब्लड प्रेशर के नंबर जानिए” “Know Your Blood Pressure Numbers” कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रो० डॉ सी०एम० सिंह विशिष्ट अतिथि प्रो०मुकुल मिश्रा, डीन प्रो०प्रद्युम्न सिंह, कार्यकारी रजिस्ट्रार प्रो०सुब्रत चंद्रा तथा विभाग के वरिष्ठ चिकित्सकों एवं एलुमनाई की उपस्थिति में हुआ।

तेजी से बढ़ती हुई साइलेंट किलर बीमारी है हाई ब्लड प्रेशर

प्रो सीएम सिंहने अपने संबोधन में कहा कि उच्च रक्तचाप High blood pressure आज समाज में तेजी से बढ़ती हुई “साइलेंट किलर” Silent Killer बीमारी है, जो हार्ट अटैक, स्ट्रोक एवं किडनी रोगों का प्रमुख कारण बन रही है। उन्होंने कहा कि नियमित बीपी जांच, स्वस्थ जीवनशैली एवं समय पर उपचार से इस बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कार्डियोलॉजी विभाग द्वारा आयोजित इस अभिनव जागरूकता अभियान Innovative Awareness Campaign की सराहना की।

विशिष्ट अतिथि प्रो० मुकुल मिश्रा ने विभाग की यात्रा को याद करते हुए बताया कि वर्ष 2011 में विभाग की शुरुआत हुई थी तथा वर्ष 2013 में केवल एक डीएम कार्डियोलॉजी छात्र के साथ शैक्षणिक कार्यक्रम प्रारंभ हुआ था, आज विभाग के 23 एलुमनाई देश के विभिन्न संस्थानों में उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे हैं, जो विभाग के लिए गर्व का विषय है।

हृदय रोगों की रोकथाम की सबसे महत्वपूर्ण कुंजी है उच्च रक्तचाप की रोकथाम

डीन प्रो०प्रद्युम्न सिंह Prof. Pradumn Singh ने कहा कि उच्च रक्तचाप की रोकथाम ही हृदय रोगों की रोकथाम की सबसे महत्वपूर्ण कुंजी है। उन्होंने युवाओं एवं चिकित्सकों से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यकारी रजिस्ट्रार प्रो०सुब्रत चंद्रा ने विभाग को अकादमिक उत्कृष्टता एवं जनस्वास्थ्य जागरूकता को साथ लेकर चलने के लिए बधाई दी तथा एलुमनाई मीट को विभाग की उपलब्धियों का उत्सव बताया।

बिना लक्षण वर्षों तक नुकसान पहुंचाता रहता है हाई ब्लड प्रेशर

कार्यक्रम के आयोजन अध्यक्ष प्रो०भुवन चंद्र तिवारी  Prof. Bhuvan Chandra Tiwari ने बताया कि उच्च रक्तचाप अक्सर बिना किसी लक्षण के वर्षों तक शरीर को नुकसान पहुंचाता रहता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने ब्लड प्रेशर की जानकारी अवश्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कम नमक का सेवन, नियमित व्यायाम, तनाव नियंत्रण एवं समय-समय पर स्वास्थ्य जांच हृदय रोगों की रोकथाम के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

इस मौके पर उच्च रक्तचाप की रोकथाम एवं उपचार विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त एलुमनाई एवं रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें विभाग की शैक्षणिक एवं संस्थागत यात्रा को साझा किया गया।

कार्यक्रम की सफलता के लिए विभाग के सभी फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियनों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद धन्यवाद देते हुए कार्यक्रम का समापन समाज में उच्च रक्तचाप के प्रति जागरूकता फैलाने एवं प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से अपना ब्लड प्रेशर जांचने के लिए प्रेरित करने के संकल्प के साथ हुआ।