-कर्मचारियों का चयन मानव सम्पदा पोर्टल पर ऑनलाइन डीपीसी के माध्यम से ही करना अनिवार्य

सेहत टाइम्स
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने 2026 एवं 2027 में होने वाली कर्मचारियों की प्रोन्नति के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए समयबद्ध योजना तैयार करते हुए इसके लिए आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं। सभी प्रोन्नतियां मानव सम्पदा पोर्टल के माध्यम से ही की जायेंगी।
इस सम्बन्ध में स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि सभी पदोन्नतियों की कार्यवाही मानव सम्पदा पोर्टल पर विकसित Departmental Promotion Committee (डीपीसी) के माध्यम से ऑनलाइन ही की जायेंगी। डीपीसी के अतिरिक्त किसी अन्य माध्यम से की गयीं प्रोन्नति के लिए की गयी चयन की कार्यवाही मान्य नहीं होंगी।
मुख्य सचिव एसपी गोयल द्वारा 14 मई, 2026 को सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों/सचिवों, विभागाध्यक्षों/प्रमुख कार्यालयाध्यक्षों, मण्डलायुक्तों/जिलाधिकारियों को भेजे गये पत्र में कहा गया है कि पदोन्नति द्वारा भरे जाने वाले पर्दों के सापेक्ष चयन की कार्यवाही समय से सम्पन्न न होने के कारण पदों को भरने में अनावश्यक विलम्ब होता है, जिसके फलस्वरूप शासकीय कार्य प्रभावित होते हैं तथा सम्बन्धित कार्मिकों के मनोबल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है।
प्रक्रिया पूर्ण करने की अंतिम तारीख कर दी गयी है तय
निर्देशों में कहा गया है कि चयन वर्ष 2026-2027 में माह दिसम्बर, 2026 तक घटित होने वाली समस्त रिक्तियों की गणना करते हुए, पदोन्नति से भरी जाने वाली रिक्तियों के सापेक्ष चयन की कार्यवाही 30 जून, 2026 तक पूर्ण कर ली जाए तथा चयन वर्ष 2027 के लिए 1 जनवरी, 2027 से 31 दिसम्बर, 2027 तक घटित होने वाली समस्त रिक्तियों की गणना करते हुए पदोन्नति से भरी जाने वाली रिक्तियों के सापेक्ष चयन की कार्यवाही 15 जनवरी, 2027 तक पूर्ण कर ली जाए।
पत्र में कहा गया है कि जिन पदों पर प्रोन्नति Promotion मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित होने वाली समिति द्वारा की जानी है, उनके लिए प्रस्ताव कार्मिक विभाग को जून 2026 तक भेजना सुनिश्चित करें, इसी प्रकार जिन पदों पर प्रोन्नति लोक सेवा आयोग Public Service Commission के माध्यम से की जानी हैं, उनके लिए भी अधियाचन तैयार कर लोक सेवा आयोग को भेजना सुनिश्चित किया जाये।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times