Tuesday , May 12 2026

स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है नर्सिंग व्यवसाय

-बलरामपुर अस्पताल में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस

सेहत टाइम्स

लखनऊ। अन्तर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर आज बलरामपुर चिकित्सालय में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिकित्सालय की डायरेक्टर डॉ. कविता आर्य, सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी, एमएस डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव तथा समस्त नर्सिंग संवर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नर्सिंग सेवा की जनक फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह जानकारी देते हुए अस्पताल के सहायक नर्सिंग अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने कैंडल जलाकर नर्सिंग सेवा के प्रति समर्पण, करुणा एवं मानव सेवा की भावना को सम्मानित किया। वक्ताओं ने नर्सों की अथक मेहनत, सेवा भावना और मरीजों के उपचार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि नर्सिंग व्यवसाय स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है।

इस अवसर पर अस्पताल परिसर में उत्साह एवं सम्मान का वातावरण रहा तथा सभी ने नर्सिंग कर्मियों के योगदान को नमन करते हुए अन्तर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया।