Saturday , May 2 2026

मजदूर दिवस पर संयुक्त संघर्ष संचालन समिति ने पुरानी पेंशन को लेकर भरी हुंकार

-सहकारिता भवन में आयोजित किया गया ‘प्रांतीय संकल्प सम्मेलन’

सेहत टाइम्स

​लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस (1 मई) के अवसर पर संयुक्त संघर्ष संचालन समिति (S-4), उत्तर प्रदेश द्वारा लखनऊ के सहकारिता भवन में एक ‘प्रांतीय संकल्प सम्मेलन’ आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में प्रदेश भर के हजारों कार्मिकों और शिक्षकों ने एकजुट होकर पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली और अपनी 18 सूत्रीय मांगों के समर्थन में हुंकार भरी।

​यह जानकारी देते हुए डीपीआरए के प्रदेश प्रवक्ता राजीव कनौजिया ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डीपीआरए के प्रांतीय अध्यक्ष, जे.के. सचान ने फार्मासिस्टों और चीफ फार्मासिस्टों की समस्याओं को मंच से मजबूती से उठाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए पुरानी पेंशन की बहाली अनिवार्य है और S-4 के माध्यम से यह संघर्ष अब निर्णायक मोड़ पर है।

सम्मेलन में ओपीएस की बहाली का संकल्प लेेते हुए वक्ताओं ने एक स्वर में मांग की कि सरकार अविलंब पुरानी पेंशन योजना लागू करे। चीफ फार्मासिस्टों और फार्मासिस्ट संवर्ग की लंबित मांगों को प्रमुखता से शासन तक पहुँचाने का निर्णय लेते हुए कहा गया कि यदि 18 सूत्रीय मांगों पर त्वरित संज्ञान नहीं लिया गया, तो संगठन ने चरणबद्ध तरीके से प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। सम्मेलन में संयुक्त संघर्ष संचालन समिति (S-4) और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित लोगों में ​S-4 संगठन एवं परिषद के शीर्ष पदाधिकारी अजय सिंह (अध्यक्ष, S-4), आर.के. निगम (महामंत्री, उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद एवं महासचिव, संयुक्त संघर्ष संचालन समिति – S-4), राजेश कुमार सिंह (उपाध्यक्ष), अखंड प्रताप कुमार वर्मा (महामंत्री), कृतार्थ सिंह (सह संयोजक), विक्रम सिंह (संयुक्त संयोजक), विनय कुमार सिंह (वरिष्ठ उपाध्यक्ष) के साथ ही डीपीआरए (DPRA) के जे.के. सचान (प्रदेश अध्यक्ष), ​सुरेश वर्मा (प्रदेश उपाध्यक्ष), राजीव कुमार कनौजिया (जिला अध्यक्ष, डीपीआरए लखनऊ एवं प्रांतीय प्रवक्ता, डीपीआरए उत्तर प्रदेश), ए.पी. मिश्रा (चीफ फार्मासिस्ट, उपाध्यक्ष, डीपीआरए लखनऊ), अजय कश्यप (मंत्री, डीपीआरए, लखनऊ) शामिल रहे। इनके अतिरिक्त स्वास्थ्य भवन से संजय रावत (अध्यक्ष, मिनिस्ट्रियल संघ), ​फार्मासिस्ट आनंद यादव, रजनीश पांडे और अभिषेक मिश्रा सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों पदाधिकारी और राज्य कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के सदस्य शामिल थे।