-दिलकुशा गार्डेन के पास हुआ हादसा, कैंसर संस्थान में एक था संविदा पर तैनात, दूसरा ले रहा था प्रशिक्षण

सेहत टाइम्स
लखनऊ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिस्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ के रेडियोथेरैपी विभाग में कार्यरत दो टेक्नीशियंस की आज 30 अप्रैल को सुबह करीब आठ बजे ड्यूटी पर जाते समय उनके ऊपर पेड़ गिरने के बाद मौत हो गयी। इस दु:खद हादसे पर संस्थान के निदेशक प्रो एमएलबी भट्ट, अधीक्षक प्रो वरुण विजय सहित पूरे संस्थान परिवार ने शोक जताते हुए हरसंभव मदद की बात कही है।
बताया जा रहा है कि इस दु:खद हादसे में मरने वाले बस्ती जिले के पकरदाहा बोधी निवासी रवि शंकर पांडेय (28) संस्थान में संविदा पर तैनात थे और मऊ के घोसी निवासी बाल कृष्ण (27) ऑब्जर्वर टेक्नीशियन के रूप में तैनात थे। दोनों गहरे दोस्त थे। यह इत्तफाक ही है कि दोनों दोस्तों की जीवनलीला एकसाथ ही समाप्त हो गयी।
मिली जानकारी के अनुसार रोज की तरह रवि शंकर पांडेय और बाल कृष्ण दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए संस्थान की ओर जा रहे थे तभी रास्ते में दिलकुशा गार्डेन के पास एक विशालकाय पेड़ गिरा, पेड़ की चपेट में एक अन्य पेड़ भी आ गया था, बाइक पर सवार दोनों युवा गिरते हुए दो पेड़ों की चपेट में आ गये, मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद से दोनों को किसी तरह बाहर निकाला और सिविल पहुंचाया।बताया जा रहा है कि बाइक चला रहे रवि शंकर पांडेय की मौके पर ही मौत हो गयी थी, जबकि पीछे बैठे बाल कृष्ण की मौत इलाज के दौरान डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में हुई। दोनों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिये गये।
पुलिस से सूचना मिलने पर दोनों के परिजनों पर दु:ख का पहाड़ टूट पड़ा, रवि शंकर पांडेय के परिवार में पिता पिता शिव नारायण पांडेय, मां इंद्रावती व भाई आनंद हैं। जबकि बालकृष्ण के परिवार में पिता सुरेश चंद्र, मां शीला देवी, भाई विवेक और विमल हैं। रोते बिलखते लखनऊ पहुंचे परिजनों के आंसू थम नहीं रहे थे। रवि शंकर के पिता का कहना था, बेटा ही घर का सहारा था, बालकृष्ण के पिता का कहना था कि अभी 10 दिन पहले ही वह घर से आया था, ट्रेनिंग के बाद वह अच्छी नौकरी के सपने संजोये था, लेकिन अब सब कुछ खत्म हो गया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times