-ज़ेंटुरियोटेक प्राइवेट लिमिटेड, तिरुवनंतपुरम, केरल के साथ हुआ समझौता

सेहत टाइम्स
लखनऊ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान (केएसएसएससीआई), लखनऊ एवं ज़ेंटुरियोटेक प्राइवेट लिमिटेड, तिरुवनंतपुरम, केरल के मध्य एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर एवं आदान-प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रो. मदन लाल ब्रह्म भट्ट, निदेशक, केएसएसएससीआई तथा कु० अजीशा भासी, संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, ज़ेंटुरियोटेक प्राइवेट लिमिटेड उपस्थित रहे। यह समझौता डिजिटल स्वास्थ्य, क्लिनिकल रिसर्च, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता तथा ज्ञान के आदान-प्रदान एवं प्रशिक्षण के क्षेत्रों में सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह सहयोग दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार को बढ़ावा देने के लक्ष्य को पूर्ण करेगा । इसके अंतर्गत स्वास्थ्य क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), वर्चुअल रियलिटी (VR), वेब एवं एप्लिकेशन विकास जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता प्रदान की जाएगी, जिससे अनुसंधान क्षमताओं में वृद्धि होगी तथा मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा सकेंगे।
इस एमओयू के माध्यम से केएसएसएससीआई एवं ज़ेंटुरियोटेक प्राइवेट लिमिटेड एक ऐसे सहयोगात्मक वातावरण के निर्माण की परिकल्पना करते हैं, जो रोगी देखभाल, अनुसंधान तथा डिजिटल स्वास्थ्य समाधान के क्षेत्र में प्रगति को बढ़ावा देगा और समाज के व्यापक हित में कार्य करेगा।
यह समझौता उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा एवं अनुसंधान के प्रति दोनों संस्थानों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है तथा भविष्य में प्रौद्योगिकी आधारित समेकित स्वास्थ्य पहलों के नए अवसर प्रदान करेगा। इस अवसर पर डॉ. वरुण विजय, चिकित्सा अधीक्षक, केएसएसएससीआई, डॉ. अभिनव तिवारी, Faculty In-charge (Artificial Intelligence), एवं बोबिन चंद्रा, मुख्य रणनीतिक अधिकारी, ज़ेंटुरियोटेक प्राइवेट लिमिटेड उपस्थित रहे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times