Wednesday , March 11 2026

डॉ पीके शुक्ला को मिली अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान

-10 अप्रैल को ब्रिटेन के हाउस ऑफ पार्लियामेंट में आयोजित कॉन्फ्रेंस में किया जाएगा सम्मानित

डॉ पीके शुक्ला

सेहत टाइम्स

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित मारुति होम्यो क्लीनिक के संस्थापक वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ पीके शुक्ला के पिछले करीब साढ़े तीन दशक से चिकित्सा क्षेत्र में किए जा रहे कार्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिली है। डॉ शुक्ला को होम्योपैथिक के जनक डॉ सैमुअल हैनिमैन की जयंती पर आगामी 10 अप्रैल को लंदन में ब्रिटेन के हाउस ऑफ पार्लियामेंट में आयोजित होलिस्टिक मेडिसिन कॉन्फ्रेंस 2026 में सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया गया है। डॉक्टर पीके शुक्ला के लंदन प्रवास के दौरान उन्हें प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी भी सम्मानित करेगी।

कॉन्फ्रेंस के आयोजक 1928 इंस्टीट्यूट की सह अध्यक्ष डॉ निकिता वेद द्वारा डॉ पीके शुक्ला को भेजे गये विशेष आमंत्रण पत्र में कहा गया है कि होम्योपैथी क्षेत्र में असाधारण व आजीवन दिये गये योगदान को देखते हुए उन्हें इनवाइटेड डेलीगेट के रूप में आमंत्रित किया जा रहा है। डॉ शुक्ला इस कॉन्फ्रेंस में शिवानी राजा, बैरोनेस वर्मा, लॉर्ड रावल सहित ब्रिटिश के कई सांसदों, चिकित्सकों और कई बड़े हेल्थकेयर अधिकारियों के साथ मंच साझा करेंगे।

 

ज्ञात हो डॉ शुक्ला पिछले लगभग साढ़े तीन दशक से मारुति होम्यो क्लीनिक का संचालन कर रहे हैं। उपलब्धियों की बात करें तो न सिर्फ चिकित्सा बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी डॉ पीके शुक्ला ने अपना योगदान दिया है, उन्होंने लखनऊ स्थित नेशनल होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में बतौर गेस्ट लेक्चरर होम्योपैथिक विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की है।

 

अपने कार्य और मृदुभाषी व्यवहार से लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाने वाले डॉ पीके शुक्ला सभी प्रकार के रोगों जैसे चर्म रोग, बाल रोग, वायरल डिसीज़, डेंगू, यौन रोगों आदि से ग्रस्त मरीजों का सफल इलाज कर रहे हैं।

 

इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना जाना न सिर्फ डॉ पीके शुक्ला, बल्कि उत्तर प्रदेश और विशेष कर लखनऊ के लिए गौरवपूर्ण विषय है। साथ ही यह युवा चिकित्सकों के लिए भी प्रेरणा देने वाली बात है कि यदि मन में हौसला और मेहनत करने का जज्बा हो तो किसी भी शिखर पर पहुंचना नामुमकिन नहीं है।