-होम्योपैथी के प्रमोशन के लिए 2000 में कोविड कालखंड में स्थापित हुआ था फोरम

सेहत टाइम्स
लखनऊ। छह साल पूर्व दुनिया भर में कोहराम मचाने वाले कोविड 19 के दौर में बहुत से नये-नये कार्य हुए। पाबंदियों के चलते सड़कों पर पसरे सन्नाटे के बीच जीवन जीना और स्वस्थ रहना एक चुनौती बन रही थी। ऐसे ही समय में उपचार के दृष्टिकोण से केरल राज्य के होम्योपैथिक शुभचिंतकों और डॉक्टरों ने एक ग्रुप ‘इंटरनेशनल फोरम फॉर प्रमोटिंग होम्योपैथी’ (IFPH) की स्थापना की और वेबिनार के जरिये होम्योपैथी को प्रमोट करते हुए रोगों पर चर्चा करने की जो शुरुआत की थी वह अब सबकुछ सामान्य होने के बाद भी जारी है। हाल ही में इस फोरम ने अपने इस कार्यक्रम के 2000 दिन पूरे किये हैं, 21 फरवरी, 2026 के इस दिन को फोरम ने पूरे जोशोखरोश के साथ मनाया।
रात्रि 8.30 बजे आर्या की प्रार्थना से शुरू हुए वेबिनार का उद्घाटन सीसीआरएच की ड्रग प्रूविंग कमेटी के पूर्व चेयरमैन प्रो डॉ जेडी दरयानी ने किया जबकि आईएफपीएच के उपाध्यक्ष डॉ शाजी वर्गीस ने स्वागत भाषण दिया। फोरम के चेयरमैन डॉ इस्माइल ने अध्यक्षीय सम्बोधन प्रस्तुत किया। इस मौके पर फोरम की साइंटिफिक कमेटी के चेयरमैन प्रो एमके साहनी, यूएसए के डॉ कैथी माय लेमन, सीसीआरएच के पूर्व सदस्य डॉ गिरीश गुप्ता, एकेजीस ओविहैम्स नयी दिल्ली के डॉ एके गुप्ता, ब्राजील के डॉ हुआंग वी लिंग, आईएफपीएच के पैट्रन सीसीआरएच के पूर्व सदस्य डॉ जोस इसाक तथा मलेशिया के डॉ बॉब लिम को सम्मानित किया। कार्यक्रम में धन्यवाद प्रस्ताव डॉ जे धनेश ने रखा। कार्यक्रम का संचालन आर्या ने किया।
इस बारे में ‘सेहत टाइम्स’ को जानकारी देते हुए वेबिनार ऑर्गनाइजिंग कमेटी के कन्वीनर डॉ धनेश ने बताया कि 2000 दिनों से हम हर दिन तीन सेशन के साथ बिना रुके रोज़ाना वेबिनार कर रहे हैं। इनमें हिन्दी, अंग्रेजी और मलयालम तीन सत्रों का आयोजन किया जाता है। हिन्दी शाम 7:30 PM – 8:30 PM, इंग्लिश रात 8:30 PM – 9:30 PM तथा मलयालम सेशन रात 9:30 PM – 10:30 PM तक आयोजित होता है।
उन्होंने बताया कि अलग-अलग फील्ड के डॉक्टरों और जानी-मानी हस्तियों ने हमारे Zoom सेशन में कई तरह के टॉपिक पर बात की है। उन्होंने बताया कि हमने पिछले सितंबर में ताज विवांता, कोचीन में अपने बिना रुके रोज़ाना वेबिनार की 5वीं सालगिरह मनाई। उन्होंने बताया कि हमारे फोरम के पदाधिकारियों में डॉ. इस्माइल सैत (प्रेसिडेंट), डॉ. शाजी वर्गीस कुडियात (वाइस प्रेसिडेंट), किरण चंद (सेक्रेटरी), डॉ. टी. पी. अनिल कुमार (ट्रेजरर), जिथी मनोज (जॉइंट सेक्रेटरी) डॉ. शफीक एस. और डॉ. बिंदुराज बी. जे. (मेंबर्स, बोर्ड ऑफ़ ट्रस्टीज़) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त साइंटिफिक कमेटी में प्रो. एम. के. साहनी – (चेयरमैन), प्रो. डॉ. रवि एम. नायर, डॉ. सी. जे. वर्गीस और प्रो. डॉ. जोस इसाक (पैट्रन्स) शामिल हैं। जबकि वेबिनार के आयोजन के लिए बनी कमेटी में संयोजक की जिम्मेदारी डॉ जे धनेश और डॉ मनोज निभा रहे हैं।
डॉ धनेश ने बताया कि हमारी फोरम आईएफपीएच दुनिया भर के 70 से ज़्यादा देशों में फैले हुए हैं, जहाँ हर देश के लिए हमारे कोऑर्डिनेटर हैं। डॉ. सलीम कुमार केरल राज्य के चीफ कोऑर्डिनेटर हैं। उन्होंने बताया कि अब तक, हमने अपने YouTube चैनल, इंटरनेशनल फोरम फॉर प्रमोटिंग होम्योपैथी पर 3,500 से ज़्यादा वीडियो अपलोड किए हैं।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times