Tuesday , February 17 2026

वरिष्ठता सूची में होने के बावजूद अनेक फार्मासिस्ट्स का नाम पदोन्नति सूची से गायब

-फार्मासिस्ट की डीपीसी में हुई गड़बड़ी को ठीक करने के लिए पुन: प्रक्रिया कराने की मांग

-डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन की मांग पर महानिदेशक का आश्वासन

सेहत टाइम्स

​लखनऊ। ​डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक से मुलाकात कर फार्मासिस्ट संवर्ग की पदोन्नति में आ रही बाधाओं और विसंगतियों को दूर कर पिछली डीपीसी प्रक्रिया में छूटे हुए फार्मासिस्टों को शामिल करने के लिए पुन: डीपीसी प्रक्रिया कराने की मांग की।

यह जानकारी देते हुए एसोसिएशन की लखनऊ शाखा के जिला मंत्री राजीव कनौजिया ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष जे.के. सचान एवं महामंत्री प्रद्युम्न सिंह के नेतृत्व में हुई इस वार्ता में जिला मंत्री (लखनऊ) राजीव कनोजिया भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस वार्ता में प्रतिनिधिमंडल ने फार्मासिस्ट संवर्ग की पदोन्नति में आ रही बाधाओं और विसंगतियों पर महानिदेशक के साथ गंभीर चर्चा की।

एसोसिएशन ने ज्ञापन सौंपते हुए अवगत कराया कि बीते 31 दिसंबर 2025 और 31 जनवरी 2026 को फार्मासिस्ट से चीफ फार्मासिस्ट और चीफ फार्मासिस्ट से प्रभारी अधिकारी (फार्मेसी) के पदों पर पदोन्नति के आदेश जारी किए गए थे। विभाग की वरिष्ठता सूची (Seniority List) में नाम होने के बावजूद बड़ी संख्या में पात्र फार्मासिस्टों को इस पदोन्नति का लाभ नहीं मिल सका है। प्रतिनिधिमंडल ने महानिदेशक से अनुरोध किया कि ऐसे में पुन: डीपीसी की प्रक्रिया कराकर छूटे हुए फार्मासिस्ट के नाम पदोन्नति सूची में शामिल कराकर पात्र फार्मासिस्टों के साथ न्याय करें।

प्रतिनिधिमंडल ने जोर देकर कहा कि योग्य और वरिष्ठ फार्मासिस्टों का पदोन्नति से वंचित रहना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। अध्यक्ष श्री सचान और जिला मंत्री राजीव कनोजिया ने संयुक्त रूप से मांग की है कि पूरे प्रकरण का पुनः परीक्षण कराया जाए और जो साथी छूट गए हैं, उनकी डी.पी.सी. (DPC) प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल संपन्न किया जाए।

​महामंत्री प्रद्युम्न सिंह ने कहा कि संगठन अपने साथियों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महानिदेशक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।