Friday , March 6 2026

जागरूकता शिविर, सीएमई आयोजित करके मनाया अंतरराष्ट्रीय ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स डे

-केजीएमयू के ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को किया सम्मानित

सेहत टाइम्स

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग द्वारा यूपी एओएमएसआई के सहयोग से 12 से 14 फरवरी तक अंतरराष्ट्रीय ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स डे के अवसर पर तीन दिवसीय डेंटल इम्प्लांट वर्कशॉप एवं ओरल कैंसर प्रिवेंशन एंड अवेयरनेस प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन डीन डेंटल प्रो. जी. के. सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षकों प्रो. शादाब मोहम्मद, डॉ. आर. के. सिंह एवं डॉ. मुनीश कोहली को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभाग के एलुमनाई सदस्यों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। साथ ही विभाग के कर्मचारियों को विभाग के सुचारु संचालन में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए विशेष रूप से सराहा गया।

इस अवसर पर डॉ. माणिक साहब का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने इंटरनेशनल ओएमएफएस डे की शुभकामनाएं देते हुए ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता में ओरल कैंसर की रोकथाम एवं प्रारम्भिक पहचान के प्रति जागरूकता फैलाना तथा विशेषज्ञों को नवीनतम तकनीकों से अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम के प्रथम दिन सीतापुर में ओरल कैंसर स्क्रीनिंग एवं अर्ली डिटेक्शन कैंप आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की जांच की गई और उन्हें जागरूक किया गया।

दूसरे दिन डॉ. अखिलेश कुमार सिंह द्वारा कैंसर प्रिवेंशन एंड अवेयरनेस विषय पर अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया।

तीसरे दिन आयोजित सीएमई सत्र में डॉ. यज़ाद गांधी ने मैक्सिलरी साइनस की एनाटॉमिक जटिलताएं एवं उनका प्रबंधन विषय पर व्याख्यान दिया तथा डॉ. सोमदिप्तो दास ने हेड एंड नेक रिकंस्ट्रक्शन में बदलता परिदृश्य विषय पर अपने विचार साझा किए।

यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद के संरक्षण में आयोजित किया गया। आयोजन अध्यक्ष प्रो. यू. एस. पाल (विभागाध्यक्ष) तथा आयोजन सचिव प्रो. विभा सिंह रहीं। आयोजन समिति में प्रो. हरिराम, प्रो. गीता सिंह, प्रो. अमिय अग्रवाल, प्रो. अरुणेश के. तिवारी, डॉ. अखिलेश के. पांडेय एवं अन्य वरिष्ठ संकाय सदस्य शामिल रहे।