Saturday , February 14 2026

लारी कार्डियोलॉजी सिर्फ यूपी नहीं, दूसरे राज्यों, पडोसी देशों के मरीजों को भी दे रहा नया जीवन

-कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के यूपी चैप्टर की दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस कॉर्डिकॉन 2026 का उद्घाटन किया ब्रजेश पाठक ने

सेहत टाइम्स

लखनऊ। केजीएमयू का लारी कार्डियोलॉजी विभाग आधुनिक इलाज देकर दिल के रोगों से ग्रस्त गंभीर स्थिति वाले मरीजों को नया जीवन दे रहा है, हमारे चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ दिन-रात मरीजों की सेवा में जुटे हैं। यही वजह है कि यहां देश व प्रदेश के ही नहीं बल्कि पड़ोसी देशों से भी मरीज आते हैं।

यह बात उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 13 फरवरी को यहां केजीएमयू के अटल बिहारी वाजपेई साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कॉर्डिकॉन 2026 का उद्घाटन करते हुए कही। कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के यूपी चैप्टर द्वारा आयोजित दो दिवसीय इस कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के हृदय रोग विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं, जो नवीनतम शोध और इलाज की पद्धतियों को चर्चा के माध्यम से एक दूसरे से साझा करेंगे।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ डॉक्टरों की बदौलत केजीएमयू हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है।डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की बात करें तो प्रति पांच हजार की आबादी पर अस्पताल हैं। जिला अस्पतालों को अपग्रेड किया गया है। प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं, जिसमें नये डॉक्टर भी तैयार किये जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए रोबोटिक सर्जरी और अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से उपचार किया जा रहा है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार केजीएमयू व लारी कॉर्डियोलॉजी विभाग का हर तरीके से सहयोग करने को तैयार है। कान्फ्रेंस में कुलपति प्रो० सोनिया नित्यानंद, लारी कॉर्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. ऋषि सेट्ठी, डॉ. अक्षय प्रधान, डॉ. गौरव चौधरी, डॉ. शरद चन्द्रा, डॉ. प्रवेश विश्वकर्मा, कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के नेशनल प्रेसीडेंट डॉ. धीमान कहाली समेत अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- 50 वर्ष से कम आयु वालों को हार्ट अटैक के पीछे प्रदूषण और तम्बाकू एक बड़ा कारण

य​ह भी पढ़ें -अचानक उखड़ने लगे सांस तो चेस्ट एक्सरे, इको के साथ NT-proBNP टेस्ट अवश्य करायें चिकित्सक