-रोबोटिक सर्जरी सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए शुरू हुई विंची रोबोटिक सर्जरी

सेहत टाइम्स
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) ने उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दा विंची रोबोटिक सर्जरी सिस्टम का शुभारंभ किया। इससे पूर्व केजीएमयू में एसएसआई मंत्रा रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम का सफल संचालन किया जा चुका है, जिसके बाद यह पहल रोबोटिक सर्जरी सेवाओं को और सुदृढ़ करेगी।
नवीन दा विंची रोबोटिक सर्जरी प्रणाली का उद्घाटन कुलपति, केजीएमयू द्वारा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं संकाय सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. के. ओझा, रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम के फैकल्टी इंचार्ज प्रो. एच. एस. पाहवा, चिकित्सा अधीक्षक शताब्दी अस्पताल प्रो. विश्वजीत सिंह, डॉ अक्षय आनंद तथा अन्य वरिष्ठ एवं विशिष्ट संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
प्रणाली की नैदानिक क्षमताओं का प्रदर्शन करते हुए प्रो. अभिजीत चंद्रा, विभागाध्यक्ष, गैस्ट्रो सर्जरी विभाग, ने सफलतापूर्वक रोबोट-सहायित लैप्रोस्कोपिक कोलेसिस्टेक्टॉमी का निष्पादन किया, जिससे रोबोटिक सर्जरी की सटीकता, सुरक्षा एवं लाभों का स्पष्ट प्रदर्शन हुआ।
दा विंची रोबोटिक सर्जरी प्रणाली के शुभारंभ के साथ केजीएमयू रोगी देखभाल, सर्जिकल प्रशिक्षण एवं अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। यह पहल किफायती, सुलभ एवं विश्व-स्तरीय तकनीक-आधारित स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times