Sunday , February 8 2026

‘शुभारंभ : गीता का संदेश, साइकिल के संग’ में भी छाये एसआई अमित सिंह, डिप्टी सीएम ने किया सम्मानित

-स्वस्थ जीवन शैली और गीता के उपदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की गयी साइकिल रैली

-मैक्स हॉस्पिटल, गोमतीनगर से कालिदास मार्ग के बाद वापस हॉस्पिटल परिसर पर सम्पन्न हुई साइकिल रैली


सेहत टाइम्स
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आज 8 फरवरी को मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पर आयोजित ‘शुभारंभ : गीता का संदेश, साइकिल के संग’ कार्यक्रम में आज लोक भवन (उत्तर प्रदेश शासन) में कार्यरत कर्तव्यनिष्ठ सब-इंस्पेक्टर अमित सिंह को उनकी विलक्षण खेल उपलब्धियों और उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया। आपको बता दें कि सब-इंस्पेक्टर अमित सिंह ने अपनी चुनौतीपूर्ण सेवाओं के साथ-साथ ‘अल्ट्रा रनिंग’ और ‘साइकिलिंग’ के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने 24 घंटे में 132 किलोमीटर दौड़ने और 200 किलोमीटर की निरंतर साइकिलिंग कर अपनी अदम्य शारीरिक क्षमता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। उप मुख्यमंत्री ने अमित सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए उनके इस सेवा भाव की सराहना की और उन्हें पुलिस बल के लिए एक जीवंत प्रेरणा बताया।

मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, सनातन महापरिषद भारत एवं लखनऊ साइक्लिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रेरणादायी साइकिल रैली के आयोजन का मुख्य उद्देश्य श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों को जन-जन तक पहुँचाना तथा साइकिल रैली के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सकारात्मक सोच के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा।

यह साइकिल रैली मैक्स हॉस्पिटल, गोमतीनगर से प्रारंभ होकर 1090 चौराहा होते हुए कालिदास मार्ग से वापस मैक्स हॉस्पिटल परिसर में विधिवत रूप से संपन्न हुई। रैली में लगभग 200 साइकिल चालकों ने अत्यंत उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा योग एवं सांस्कृतिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित केजीएमयू की कुलपति पद्मश्री प्रो. सोनिया नित्यानंद ने भी अमित सिंह के इस ‘फिटनेस मिशन’ की प्रशंसा की। अमित सिंह निरंतर युवाओं को नशे के जाल से दूर रहकर स्वस्थ और अनुशासित जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

सम्मान के पश्चात अमित सिंह ने इस विशिष्ट मंच के लिए सी.एम. पांडेय, आनंद पांडेय एवं सुजाता का हार्दिक आभार व्यक्त किया। अमित सिंह ने कहा कि उप मुख्यमंत्री द्वारा मिला यह सम्मान मेरी कर्तव्यनिष्ठा को और सुदृढ़ करेगा। मेरा लक्ष्य पुलिस सेवा में अपनी सेवाओं के साथ-साथ खेल के माध्यम से प्रदेश का नाम रोशन करना है।

इस अवसर पर सी. एम. पांडेय (राष्ट्रीय अध्यक्ष, सनातन महापरिषद भारत), डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय (डायरेक्टर, स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया), डॉ. चन्द्र मोहन नौटियाल (चेयरमैन, NCSC), प्रमोद शर्मा (मेंबर, कैंटोनमेंट बोर्ड) एवं अवध ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन ऋषि गोयल द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन किया गया। इस प्रेरणादायी, अनुशासित एवं सफल आयोजन का कुशल संचालन मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा किया गया।