Wednesday , September 16 2026

निबंध प्रतियोगिता में डॉ दीक्षा सोनी और वाद-विवाद प्रतियोगिता में डॉ. इकरा हसन व डॉ. पुलकित श्रीवास्तव अव्वल

-ग्यारहवें आयुर्वेद दिवस पर राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं सम्पन्न

सेहत टाइम्स

लखनऊ। ग्यारहवें आयुर्वेद दिवस के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम-शृंखला के क्रम में राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, लखनऊ में आज 16 सितम्बर को निबंध प्रतियोगिता एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

यह जानकारी देते हुए चिकित्सालय प्रभारी डॉ धर्मेन्द्र ने बताया कि प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सुधा सिंह, प्रो शशि शर्मा के नेतृत्व में डॉ. मधु सिंह, रीडर (निदान विभाग) की अध्यक्षता तथा डॉ. जितेंद्र कुमार एवं डॉ. शैलेंद्र कुमार के सदस्य के रूप में सहयोग से प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

निबंध प्रतियोगिता

निबंध प्रतियोगिता में 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया जिसमे से निम्न प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया। इसमें प्रथम स्थान पर डॉ. दीक्षा सोनी, द्वितीय स्थान पर डॉ. प्रियंका सरोज तथा तृतीय स्थान पर डॉ. पूनम वर्मा, डॉ. शिवम द्विवेदी एवं डॉ. दीपराज सिंह। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. महेश नारायण गुप्ता, डॉ. रमेश गौतम एवं डॉ. अरविंद कुमार शामिल थे।

वाद-विवाद प्रतियोगिता

दूसरी प्रतियोगिता वाद-विवाद प्रतियोगिता में 6 प्रतिभागियों ने ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ विषय पर पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। इनमें जो पक्ष में बोले उनमें विजेता प्रथम स्थान पर डॉ. इकरा हसन, द्वितीय स्थान पर डॉ. दीक्षा सोनी तथा तृतीय स्थान पर डॉ. सना विजयी रहीं जबकि विपक्ष में बोलने वालों में प्रथम स्थान पर डॉ. पुलकित श्रीवास्तव, द्वितीय स्थान पर डॉ. जूही शाह तथा तृतीय स्थान पर डॉ. अंकित जैसवाल रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. अनंत कृष्ण, डॉ. जया श्रीवास्तव एवं डॉ. कुमकुम पांडेय शामिल रहे।