Tuesday , June 9 2026

कल्‍याण सिंह को देखने संजय गांधी पीजीआई पहुंचे योगी आदित्‍यनाथ

-कल्‍याण की हालत में मामूली सुधार, क्रिटिकल केयर मेडिसिन के आईसीयू में हैं भर्ती

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपराह्न राजस्‍थान के पूर्व राज्‍यपाल व उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्याण सिंह को देखने संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचे। कल्याण सिंह यहां क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के आईसीयू मे भर्ती हैं।

निदेशक प्रो आरके धीमन ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कल्‍याण सिंह की चैतन्यता की स्थिति में पिछले दिन की तुलना में हल्का सुधार हुआ है। उन्‍होंने बताया कि कल्‍याण सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के समक्ष आंखें खोलीं। यही नहीं जब उनसे पूछा गया कि ‘कैसे हैं ‘ इस पर हल्की प्रतिक्रिया दी। उन्‍होंने बताया कि वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम उनके उपचार का निरीक्षण कर रही है। उनका रक्तचाप, हृदयगति इत्यादि महत्वपूर्ण मानक नियंत्रण में हैं।

ज्ञात हो हार्ट अटैक की शिकायत के बाद कल्याण सिंह को 4 जुलाई को लोहिया संस्‍थान से संजय गांधी पी जी आई के क्रिटिकल केयर मेडिसिन (CCM) के आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। संजय गांधी पीजीआई में कल्‍याण सिंह के स्‍वास्‍थ्‍य की देखरेख के लिए निदेशक प्रो धीमन सहित नौ विशेषज्ञों का पैनल बनाया गया है। पीजीआई में शिफ्ट होने से पूर्व जब कल्‍याण सिंह डॉ राम मनोहर लोहिया संस्‍थान में भर्ती थे, तब भी उन्‍हें देखने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ गये थे।