-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर केजीएमयू में आयोजित कार्यक्रम में प्रो विनोद जैन का आह्वान
-गीत-संगीत के साथ मनमोहक नृत्यों से छात्राओं ने मोह लिया उपस्थित लोगों का मन

सेहत टाइम्स ब्यूरो
लखनऊ। नारी को अपने सम्मान एवं अधिकार के लिए बिना डरे खुद ही आगे बढ़ना होगा क्योंकि ईश्वर भी उन्हीं की मदद करता है जिनके अंदर दृढ़ प्रतिज्ञा हो, मन आत्मविश्वास से भरा हो।
यह बात किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय स्थित फैकेल्टी ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज के तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में डीन फैकेल्टी ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज प्रो विनोद जैन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कही। प्रो जैन ने कहा कि सब अपने-अपने जीवन में संकल्प लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने फुटबॉल चैंपियन एवं इंडियन माउंटेन मेंबर अरुणिमा सिन्हा का उदाहरण देते हुए प्रोत्साहित किया। उन्होंने अरुणिमा सिन्हा के संघर्ष भरे जीवन के बारे में संक्षिप्त में जानकारी भी दी।

…कब तलक अपने भारत की बेटी दहेज की बेदी पर चढ़ती रहेगी… जैसे दिल को छू लेने वाले गीत और फिल्मी और गैरफिल्मी गीतों पर मनमोहक नृत्यों से छात्राओं ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। छात्राओं स्वाति गुप्ता, अनन्या, ऋतु सिंह, बरखा जायसवाल, रुचि गुप्ता, स्नेहलता पांडे, पूजा चौधरी, निशू पाल और आराधना ने प्रेरणात्मक नृत्य, गायन और कविताओं से नारी सशक्तिकरण को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम का संचालन सोनिया शुक्ला ने किया। इसमें 400 छात्राएं एवं 20 पैरामेडिकल फैकल्टी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में वीनू दुबे, शिवांगी श्रीवास्तव एवं प्रहलाद मौर्य ने अपना विशेष योगदान दिया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times