Tuesday , July 28 2026

सेवन करते समय अच्छी तो लगती है तम्बाकू, लेकिन परिणाम भयावह होता है : एके शर्मा

-विश्व सिर एवं गर्दन कैंसर दिवस पर रेमेडी कैंसर केयर ने किया कैंसर विजेताओं का सम्मान

सेहत टाइम्स

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा है कि समाज खासतौर से नौजवानों को मैं यह संदेश देना चाहूंगा कि बहुत सारी जिन्दगियां गलत आदतों की वजह से बिगड़ जाती हैं। बीड़ी, पान गुटखा, तम्बाकू, सिगरेट का सेवन करते समय बहुत अच्छा लगता है, लेकिन इसका परिणाम बहुत बुरा होता है, आप लोग इससे बचिये और अपने परिजनों को इससे बचाइये।

एके शर्मा ने ये विचार विश्व सिर एवं गर्दन कैंसर दिवस पर 27 जुलाई को यहां गोमती नगर स्थित नये परिसर में रेमेडी मेडिसिटी के तत्वावधान में संचालित रेमेडी कैंसर केयर में आयोजित आशा की जीत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर अपने उद्बोधन में व्यक्त किये। अस्पताल द्वारा यह समारोह कैंसर पर विजय पा चुके लोगों का सम्मान और लोगों में जागरूकता लाने के लिए आयोजित किया गया था।

प्रभावित हो जाता है पूरा-पूरा परिवार 

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि तम्बाकू के सेवन से होने वाले नुकसान को मैंने नजदीक से देखा है। कोई व्यक्ति इस प्रकार की बीमारी से असमय चला जाता है तो पूरा-पूरा परिवार प्रभावित हो जाता है। उन्होंने कहा जो मरीज ठीक हो गये हैं उन्हें बधाई और जिनका इलाज चल रहा है उन्हें मैं स्वस्थ होने की शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि नौजवान डॉक्टरों और पूरी टीम को मैं बधाई देते हुए कहना चाहूंगा कि नौजवानों का एक काम है रास्ता निकालना, नौजवानों का काम सिर्फ सड़क पर खड़े होकर नारे लगाना नहीं है। एक नौजवान सेटेलाइट बनाता है, एक नौजवान सड़क पर खडे होकर हमको-आपको गाली देता है। उन्होंने कहा कि कई बार प्राइवेट अस्पतालों में कोई अनचाही घटना हो जाती है तो घेराव, पत्थरबाजी हो जाती है। मैं आप सभी डॉक्टरों को मरीजों के चेहरे पर हंसी लाने के लिए बधाई देता हूं।

महापौर ने दी गुटखा के सेवन से बचने की सलाह

इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर सुषमा खर्कवाल और केजीएमयू के ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी के विभागाध्यक्ष प्रो शादाब मोहम्मद उपस्थित रहे। महापौर ने कैंसर से बचाव व उसके शुरूआती लक्षणों को पहचान कर उसके समुचित इलाज के लिए लोगों को जागरूक होने के लिए प्रोत्साहित करते हुए लोगों से गुटखा व तम्बाकू के सेवन से बचने की सलाह दी।

सरकार से बहुत मदद मिली : डॉ शहाब उस्मानी

इससे पूर्व अस्पताल की संचालक टीम के सदस्य डॉ शहाब उस्मानी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि मैं, डॉ अर्चित, डॉ आशुतोष पाण्डेय और डॉ अभिजीत चारों ने मिलकर, उत्तर प्रदेश जो कि मुख के कैंसर की राजधानी बन गया है, को कैंसर से मुक्त करने का सपना देखा है, इसी को पूरा करने के लिए हम चारों हम चारों लगे हुए हैं। उन्होंने कहा ​कि हम बहुत आभारी है कि हमें प्रदेश सरकार से बहुत मदद मिली, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री राहत कोष और कुछ गैर सरकारी संगठन की मदद से हम लोगों ने काम करना शुरू किया। आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री राहत कोष की मदद से हम लोगों ने विभिन्न अस्पतालों में काम करते हुए अब तक 2000 से ज्यादा मरीजों को ठीक किया है। ये वे मरीज हैं जिन्हें उत्तर प्रदेश सरकार की मदद न मिली होती तो शायद ये लोग आज यहां न बैठे होते। यह सरकार की भी बहुत बड़ी उपलब्धि है।