Saturday , May 16 2026

केजीएमयू में भर्ती इस किशोर को परिजनों का इंतजार

-बाराबंकी में 9 माह पहले ट्रेन से गिरने के बाद कराया गया था भर्ती

सेहत टाइम्स

लखनऊ। हो सकता है कि लगभग 16 वर्षीय इस किशोर के माता-पिता के आंसू अपने बेटे के मिलने की आस में बह-बहकर सूख चुके हों, यह भी हो सकता है…वह भी हो सकता है…इस बारे में कुछ भी कहना एक अनुमान हो सकता है, लेकिन जो सत्य है वह यह है कि पिछले करीब 9 माह से यह किशोर किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के शताब्दी अस्पताल के फेस 2 के पंचम तल पर बने न्यूरो सर्जरी वार्ड में भर्ती है, और यह अपने घर-परिजनों के बारे में कुछ भी जानकारी नहीं दे पा रहा है।

इस बारे में जानकारी देते हुए न्यूरो सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो बीके ओझा ने बताया कि यह मरीज जो लगभग 16 साल का है। यह पिछले वर्ष 7 अगस्त, 2025 को बाराबंकी में ट्रेन से गिर गया था और वहां से लाकर केजीएमयू में उसी दिन भर्ती कराया गया था। किशोर के सिर में चोट थी, 8 अगस्त को इनका ऑपरेशन किया गया। अभी यह ठीक से बोल नहीं पाते हैं।

प्रो ओझा ने बताया कि मरीज के बारे में और ज्यादा जानकारी के लिए शताब्दी अस्पताल के सोशल सर्विस ऑफीसर अश्विनी से उनके मोबाइल नंबर 919532962812, 917007326180 पर संपर्क किया जा सकता है।