Tuesday , February 3 2026

दूसरी पारी के लिए योगी मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण 25 मार्च को !

-लखनऊ के इकाना स्‍टेडियम में की जा रही भव्‍य आयो‍जन की तैयारियां

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में लगातार दूसरी बार सत्‍ता सम्‍भालने जा रही भारतीय जनता पार्टी की सरकार में योगी आदित्‍यनाथ के नये मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 25 मार्च को होने की संभावना है। लगातार दूसरी पारी खेलने की तैयारी कर रहे योगी आदित्‍यनाथ की नयी टीम का शपथ ग्रहण समारोह राजधानी लखनऊ के अटल बिहारी इकाना स्‍टेडियम में मनाने की तैयारी किये जाने की खबर है। योगी आदित्यनाथ पिछले 37 वर्षों में राज्य में पूर्ण कार्यकाल पूरा करने के बाद सत्ता में लौटने वाले पहले मुख्यमंत्री होंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शपथ ग्रहण के भव्‍य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आने की भी संभावना है। केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेतृत्व के अलावा, कई अन्य केंद्रीय कैबिनेट मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी आमंत्रित लोगों में शामिल हैं। सूत्रों की माने तो शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित लोगों की सूची में कई विपक्षी नेताओं के भी नाम हैं।

सूत्रों के अनुसार  कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती को विपक्षी दलों से आमंत्रित किए जाने की संभावना है।

ज्ञात हो गृह मंत्री अमित शाह को उत्तर प्रदेश में सरकार गठन की निगरानी के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास भी शाह के साथ राज्य में सह-पर्यवेक्षक के रूप में सरकार बनाने को सुनिश्चित करेंगे।

आपको बता दें कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 255 सीटों पर जीत हासिल कर सत्ता बरकरार रखी है और 41.29 फीसदी वोट शेयर हासिल किया।