Sunday , March 15 2026

दवाओं के सुरक्षित उपयोग को सुनिश्चित करने को लेकर किया जागरूक 

-डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ने आयोजित किया फार्माकोविजिलेंस एवं ADR रिपोर्टिंग पर कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रम

सेहत टाइम्स 

लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (Dr. RMLIMS), लखनऊ के फार्माकोलॉजी विभाग द्वारा कम्युनिटी मेडिसिन विभाग एवं IQAC के सहयोग से 14 मार्च को शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (UHTC), उजरियांव तथा ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (RHTC), जुग्गौर में फार्माकोविजिलेंस एवं प्रतिकूल औषधि प्रतिक्रियाओं (Adverse Drug Reactions – ADR) की रिपोर्टिंग विषय पर एक कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम 13 मार्च को आयोजित “कम्युनिटी फार्माकोविजिलेंस एवं ADR रिपोर्टिंग” विषयक CME के अनुवर्ती कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया। यह पहल फार्माकोविजिलेंस प्रोग्राम ऑफ इंडिया (PvPI), इंडियन फार्माकोपिया कमीशन (IPC), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW), भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित की गई।

आउटरीच कार्यक्रम के दौरान फार्माकोलॉजी विभाग, Dr. RMLIMS, लखनऊ की संकाय टीम द्वारा स्वास्थ्यकर्मियों एवं रोगियों के लिए जागरूकता एवं संवेदनशीलता सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में प्रतिकूल औषधि प्रतिक्रियाओं (ADR) की पहचान, PvPI के अंतर्गत ADR रिपोर्टिंग की प्रक्रिया तथा दवाओं के सुरक्षित उपयोग को सुनिश्चित करने में स्वास्थ्यकर्मियों और रोगियों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई।

स्वास्थ्यकर्मियों को ADR मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया, वहीं रोगियों को भी दवाओं के संभावित दुष्प्रभावों को पहचानने और उनकी रिपोर्टिंग करने के लिए विभिन्न ADR रिपोर्टिंग टूल्स जैसे Suspected ADR Reporting Form, ADR PvPI Mobile App, PvPI Toll-Free Helpline (1800-180-3024), निकटतम ADR मॉनिटरिंग सेंटर (AMC) को ई-मेल रिपोर्टिंग, ऑनलाइन ADR रिपोर्टिंग पोर्टल तथा QR कोड आधारित ADR रिपोर्टिंग आदि के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बैनर, पैम्फलेट आदि जागरूकता सामग्री वितरित की गई तथा क्विज प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण का आयोजन किया गया, ताकि दवा सुरक्षा तथा दवाओं के तार्किक उपयोग के प्रति समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाई जा सके।

यह कार्यक्रम प्रो. (डॉ.) अर्पिता सिंह, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, फार्माकोलॉजी विभाग, Dr. RMLIMS, लखनऊ के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. विनीता शुक्ला, इंचार्ज, RHTC जुग्गौर तथा डॉ. रश्मि कुमारी, इंचार्ज, UHTC उजरियांव का सहयोग रहा, जो प्रो. (डॉ.) एस. डी. कंडपाल, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के समग्र मार्गदर्शन में कार्यरत हैं। आउटरीच गतिविधियों का संचालन डॉ. हिमांशु शर्मा, डॉ. गरिमा अधौलिया, डॉ. गोविंद मिश्रा, डॉ. पारुल कमल एवं अनूप कुमार द्वारा विभाग के रेजिडेंट डॉक्टरों एवं छात्रों के सहयोग से किया गया।