-समर विहार कॉलोनी में आयोजित कम्बल वितरण समारोह में पहुंचे उप मुख्यमंत्री

सेहत टाइम्स
लखनऊ। बढ़ती ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने मानवता को सर्वोपरि रखते हुए निम्न एवं गरीब वर्ग के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर कंबल वितरण अभियान शुरू किया है। ठंड से बचाव के लिए जहां सरकार की ओर से रैन बसेरों का निर्माण कराया गया है, वहीं जरूरतमंदों तक कंबल पहुंचाने का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है। यह बातें उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समर विहार कॉलोनी में आयोजित कंबल वितरण समारोह के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो और हर जरूरतमंद को समय पर राहत मिले।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने मंडल स्तर के साथ-साथ कई वार्डों में स्वयं कंबल वितरण का पुण्य कार्य किया है, लेकिन नगर निगम द्वारा आदर्श वार्ड घोषित किए जा चुके रामजीलाल सरदार पटेल नगर वार्ड में कंबल वितरण कर उन्हें विशेष गौरव की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि समर विहार कॉलोनी पहले से ही एक आदर्श कॉलोनी के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है, जहां पारिवारिक और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिलता है। ऐसे स्थान पर जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है। समर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष के एस एबट को इस अवसर पर शाल ओढ़ा कर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर पूर्व सभासद एवं वरिष्ठ समाजसेवी गिरीश मिश्रा ने बताया कि रामजीलाल सरदार पटेल नगर वार्ड में 300 से अधिक जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस सहायता से वंचित न रहे और हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचे। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, पूर्व एमएलसी अरविंद त्रिपाठी(गुडडू), पूर्व मेयर संयुक्ता भाटिया, सभासद संध्या मिश्रा, समर विहार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष केएस ऐबट, डाॅ पुष्पा श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सरकार की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे ठंड के मौसम में गरीबों के लिए बड़ी राहत बताया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times