Thursday , March 19 2026

नवसंवत्सर की पूर्व संध्या पर बही भजनों की रसधार, गाय के गोबर से बने दीयों से हुआ दीपदान

-नव वर्ष चेतना समिति ने श्री खाटू श्याम मंदिर प्रांगण में किया आयोजन

सेहत टाइम्स

लखनऊ। आम जनमानस में भारतीय नववर्ष मनाने की चेतना पैदा करने को लेकर 17 वर्षों से कार्य कर रही नववर्ष चेतना समिति ने श्री खाटू श्याम परिवार के सहयोग से नवसंवत्सर विक्रम सम्वत 2083 की पूर्व संध्या पर 18 मार्च को यहां गोमती नदी के तट पर स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर प्रांगण में भजन संध्या और दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया। विदा ले रहे विक्रम संवत 2082 के अंतिम सूर्यास्त होते ही किये गये दीपदान में प्रयोग किये गये दीपक गाय के शुद्ध गोबर से निर्मित किये गये थे।

पुनीता अवस्थी, डॉ रंजना द्विवेदी और डॉ संगीता शुक्ला के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत गायिका शिखा श्रीवास्तव और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत भजनों से हुई। पहले भजन के रूप में गणेश वंदना का गायन शिखा श्रीवास्तव द्वारा किया गया। साज़ और आवाज़ के कर्णप्रिय मिश्रण ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर उन्हें झूमने पर मजबूर कर दिया।

 

भजन संध्या के बीच ही सूर्यास्त का समय होते ही मातृशक्ति स्वरूपा एक बालिका ने श्री खाटू श्याम के दरबार में प्रज्ज्वलित दीप से एक दीप जलाकर शेष दीयों को प्रज्ज्वलित किये जाने की शुरुआत की। इसके बाद देखते ही देखते प्रांगण में बड़ी संख्या में ज्योति से ज्योति प्रज्ज्वलित कर दीपदान करने वालों का तांता लग गया। समिति के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने भी दीपदान कर सक्रिय भागीदारी निभायी।

 

समिति के सचिव डॉ सुनील कुमार अग्रवाल ने बताया कि लखनऊ की जानी-मानी साहित्यकार एवं समाजसेवी पद्मश्री डॉ विद्याबिन्दु सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम की कई गुना शोभा बढ़ा दी। उन्होंने बताया कि एक और खास बात यह रही कि 17 वर्षों में पहली बार गाय के गोबर से बने दीपों का प्रयोग दीपदान में किया गया जो कि आध्यात्मिक और पर्यावरणीय दृष्टिकोण से अत्यन्त महत्वपूर्ण है।

 

उन्होंने बताया कि दीपदान के लिए प्रयोग किये गये गाय के गोबर के दीपकों को समिति के सह मीडिया प्रभारी गोपाल प्रसाद ने बाराबंकी स्थित अपनी गौशाला में तैयार करवाया था।

 

उन्होंने बताया कि समिति की मुख्य संरक्षिका रेखा त्रिपाठी के संरक्षण में जुटे नववर्ष चेतना समिति परिवार के प्रत्येक सदस्य ने पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए योगदान दिया। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष डॉ गिरीश गुप्ता, उपाध्यक्ष सुधीर एस हलवासिया, उपाध्यक्ष डॉ रंजना द्विवेदी, उपाध्यक्ष राधेश्याम सचदेवा, उपाध्यक्ष पुनीता अवस्थी, सचिव डॉ सुनील अग्रवाल, संगठन सचिव भुवनेश्वरजी, आईटी सेल इंचार्ज एसके त्रिपाठी, डॉ हरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, कमलेन्द्र मोहन, अरुण मिश्रा आदि शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त नववर्ष चेतना समिति की बाराबंकी इकाई के संयोजक राम स्वरूप यादव ने अपने विद्यालय के टीचर व बच्चों के साथ पहुंचकर कार्यक्रम की सफलता में अपना योगदान दिया। उन्होंने बताया कि श्री खाटू श्याम परिवार की ओर से व्यापारी नेता विनोद अग्रवाल ने कार्यक्रम में अपना विशेष सहयोग दिया।

 

डॉ सुनील अग्रवाल ने बताया कि दो दिवसीय समारोेह की मुख्य आयोजक नववर्ष चेतना समिति है, जबकि डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय एवं श्री श्याम परिवार, लखनऊ इस समारोह के सह आयोजक हैं। समारोह का औपचारिक उद्घाटन चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत 2083 (गुरुवार 19 मार्च, 2026) को होगा तथा समापन अगले दिन चैत्र शुक्ल द्वितीया, विक्रम संवत 2083 (शुक्रवार 20 मार्च, 2026) को होगा।