-राष्ट्रीय पदाधिकारियों और चुनाव आयोग के सदस्यों की बैठक में लम्बी चर्चा के बाद फैसला


सेहत टाइम्स
लखनऊ। रामगढ़ की शांत वादियों में इस बार एक अहम संगठनात्मक हलचल देखने को मिली। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) ने अपने पुराने संविधान से पैदा हो रही व्यावहारिक चुनौतियों को खत्म करने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए व्यापक संशोधन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अमारी रिसॉर्ट में हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों और चुनाव आयोग के सदस्यों की बैठक में लंबी चर्चा के बाद संविधान संशोधन कमेटी बनाने पर मुहर लग गई। इस अहम कमेटी की कमान उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे को सौंपी गई है। उनके साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष रासबिहारी, महामंत्री प्रदीप तिवारी, कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह, उपाध्यक्ष कमलकांत उपमन्यु समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल किए गए हैं। टीम में राकेश शर्मा, सीमा किरण, रामचंद्र कनौजिया और राजीव नैनम भी सदस्य के रूप में जोड़े गए हैं।
बैठक में सिर्फ औपचारिकताएं नहीं हुईं, बल्कि संगठन को और मजबूत व प्रभावी बनाने के लिए ठोस मंथन हुआ। राज्यों से मिलने वाली कोटा राशि बढ़ाने और जोन व्यवस्था में बदलाव जैसे मुद्दे अब बदलाव की दिशा तय करेंगे।
खास बात यह रही कि चल रहे न्यायिक मामलों को ध्यान में रखते हुए यह सहमति बनी कि राष्ट्रीय परिषद चुनाव से पहले नियमों में जरूरी सुधार किए जाएं। इस पर अंतिम फैसला अब नई बनी कमेटी ही करेगी।
अब सबकी नजरें 4 और 5 मई को मथुरा में होने वाली पहली बैठक पर टिकी हैं, जहां इस बदलाव की रूपरेखा तय होगी। ऐसा माना जा रहा है कि NUJ (इंडिया) अब बदलाव की राह पर कदम बढ़ा चुका है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times