-सतत चिकित्सा शिक्षा का भी किया गया आयोजन

सेहत टाइम्स
लखनऊ। गोमती नगर विस्तार स्थित हेल्थसिटी विस्तार सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर ने अपनी दूसरी वर्षगांठ धूमधाम से समारोहपूर्वक मनायी। इस अवसर पर एक सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) का भी आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव एसपी गोयल थे।
इस अवसर पर हेल्थसिटी विस्तार के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संदीप कपूर ने बताया कि अपने सफल दो वर्ष पूरे करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किया है। इन दो वर्षों में अस्पताल ने अपनी चिकित्सा सेवाओं का लगातार विस्तार किया है और अब आने वाले समय में कई नई और उन्नत सुविधाओं को जोड़ने की तैयारी के साथ विकास के अगले चरण में प्रवेश कर रहा है।
डॉ कपूर ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की बदलती जरूरतों के अनुरूप नई सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं और अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों को लगातार शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए विस्तार का मतलब केवल सुविधाओं या इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाना नहीं, बल्कि मरीज की जरूरत के अनुसार बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना है। उन्होंने कहा कि अस्पताल अब CGHS, ECHS, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री राहत कोष, पावर कॉरपोरेशन सहित लगभग सभी प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, इंश्योरेंस कंपनियों और टीपीए से संबद्ध है। आने वाले समय में रेलवे, HAL और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए भी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इस मौके पर अस्पताल के निदेशकों में डॉ संदीप गर्ग, डॉ केबी जैन, डॉ राजेश अरोरा सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times