Wednesday , April 17 2024

जेई टीकाकरण की सफलता के लिए सरकार कटिबद्ध : सिद्धार्थ नाथ

सिद्धार्थ नाथ सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश केे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा है कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दृढ़ संकल्प को चरितार्थ करने की दिशा में राज्य सरकार सतत् प्रयत्नशील है। मस्तिष्क ज्वर से 1 से 15 वर्ष तक के बच्चे प्रभावित होते हैं। इस रोग से बच्चों की सुुरक्षा करना सभी का दायित्व व नैतिक कर्तव्य है। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की प्रेरणा से इस विशेष टीकाकरण अभियान को प्रदेश के प्रभावित 38 जनपदों में बीती 25 मई से चलाया जा रहा है। अभियान की सफलता के प्रति कटिबद्ध सरकार द्वारा जनपदों में प्रभारी मंत्रियों/सांसदों ने स्थानीय स्तर पर अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की। अभियान की सफलता का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि 12 जून तक 82 लाख से अधिक बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है, जो बहुत ही उत्साहवर्धक उपलब्धि है।

इस भीषण गर्मी में कोल्ड चेन मेन्टेन रखना एक चुनौती

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी में टीकाकरण हेतु वैक्सीन की प्रभावोत्पादकता को उच्चतम स्तर पर रखना एक गंभीर चुनौती थी, किन्तु सरकार द्वारा इस चुनौती को स्वीकार कर वैक्सीन को सुदूर क्षेत्रों तक कोल्ड चेन बनाते हुए उपलब्धता सुनिश्चित की गयी। अभियान से पूर्व सभी जनपदों के द्वारा ग्राम/ब्लॉक स्तर पर माइक्रोप्लॉन बनाये गये, जिससे अभियान की सफलता में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपदस्तरीय टॉस्कफोर्स बैठकों का आयोजन कर अभियान पूर्व गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके अनुश्रवण हेतु निदेशक, अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक स्तर के अधिकारियों को जनपदों का आंवटन किया गया। नियमित रूप से टीकाकरण अभियान की समीक्षा शासनस्तर पर भी की जा रही है।

जनता ने दिया महत्वपूर्ण योगदान

श्री सिंह ने कहा कि जनता ने सरकार के संकल्प को पूर्ण करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। लोगों की टीकाकरण केन्द्र तक पहुंच को सुगम बनाने हेतु सरकार द्वारा रणनीतिक रूप से उपकेन्द्रों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, मलिन बस्तियों, विशेष अल्प संख्यक क्षेत्र एवं अन्य पिछड़ें क्षेंत्रों में टीकाकरण केन्द्रों की स्थापना की गई। उन्होंने कहा कि जिन जनपदों में लक्ष्य के सापेक्ष शत्-प्रतिशत उपलब्धि नहीं प्राप्त की गयी है, उन जनपदों में विशेष अभियान एक सप्ताह के लिए बढ़ाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit is exhausted. Please reload the CAPTCHA.