-भाजपा पार्षद दिलीप श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर फिर किया अनुरोध

सेहत टाइम्स
लखनऊ। भाजपा के पार्षद व पूर्व प्रवक्ता दिलीप श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर लखनऊ नगर निगम में वार्डो की संख्या 20 और बढ़ाने के संदर्भ में पत्र लिखा है, उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, नगर विकास मंत्री ए के शर्मा, महापौर संयुक्ता भाटिया, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा, महानगर अध्यक्ष भाजपा को भी भेजी है।
अपने पत्र में दिलीप श्रीवास्तव ने लिखा है कि वर्तमान में लखनऊ नगर निगम में 110 वार्ड हैं वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार लखनऊ की आबादी 28,60,105 थी। इसके पश्चात शामिल किए गए 88 गांव की आबादी 2,69,464 आंकी गई।


पत्र में लिखा गया है कि बीती 26 अप्रैल को अपर मुख्य सचिव द्वारा सभी जिला अधिकारियों को वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर निर्धारण एवं परिसीमन के संदर्भ में निर्देश दिया गया है। पत्र में लिखा है कि वर्तमान में लखनऊ नगर निगम का क्षेत्रफल व आबादी दोनों ही बढ़ गए हैं भारत के संविधान में 74वां संविधान संशोधन शहरी स्थानीय निकायों की संरचना विकसित करने की मूल उद्देश्यों को प्रदत्त करना है क्षेत्रफल व आबादी की बढ़ोतरी के कारण वर्तमान परिदृश्य में लखनऊ नगर निगम के 110 वार्डों का परिसीमन होने से समुचित विकास संभव नहीं होगा। ऐसी स्थिति में वर्तमान परिदृश्य में लखनऊ की अनुमानित आबादी 40 लाख के अनुरूप दो नगर निगम पत्र में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है। पत्र में लिखा है कि यदि दो नगर निगम नहीं बनने जा रहे हैं तो नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि कम से कम 20 वार्ड लखनऊ नगर निगम में बढ़ाए जाएं।
मुख्यमंत्री से यह भी अनुरोध किया गया है कि इस संबंध में आवश्यक निर्देश देते हुए वर्तमान में चल रही वार्डों की परिसीमन प्रक्रिया को रोकने का भी निर्देश दें। परिसीमन की प्रक्रिया वार्ड बढ़ने के उपरांत की जाये। ज्ञात हो इससे पूर्व 3 मई को भी दिलीप श्रीवास्तव ने पत्र भेजा था।
