-इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स के केरल में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन ISACON 2026 में मिला सम्मान

सेहत टाइम्स
कोवलम, केरल। एनेस्थीसिया चिकित्सा एवं रोगी सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्तर प्रदेश के दो वरिष्ठ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. संदीप साहू, अध्यक्ष, ISA उत्तर प्रदेश एवं प्रोफेसर, एनेस्थीसियोलॉजी, SGPGIMS, लखनऊ तथा डॉ. तनमय तिवारी, सचिव, ISA उत्तर प्रदेश एवं प्रोफेसर, एनेस्थीसियोलॉजी, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), लखनऊ को कॉलेज ऑफ इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स (FCISA) की फेलोशिप से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स के राष्ट्रीय सम्मेलन ISACON 2026 के दौरान कोवलम, केरल में प्रदान किया गया।
एक विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए बताया गया है कि दोनों चिकित्सक FCISA फेलोशिप के प्रथम बैच के गौरवशाली फेलो हैं। यह प्रतिष्ठित फेलोशिप एनेस्थीसिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, चिकित्सा सेवाओं में योगदान, अकादमिक उपलब्धियों तथा रोगी सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रदान की जाती है।
देश भर से चुने गये 10 एनेस्थीसियोलॉजिस्ट
इस फेलोशिप के लिए देशभर के एनेस्थीसियोलॉजिस्ट के बीच प्रतिस्पर्धात्मक चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें देश के केवल 10 एनेस्थीसियोलॉजिस्ट का चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया। यह फेलोशिप एनेस्थीसिया एवं रोगी सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित करती है तथा इसकी पात्रता वैश्विक स्तर पर एनेस्थीसियोलॉजिस्टों के लिए भी है।
डॉ. संदीप साहू एवं डॉ. तनमय तिवारी की इस उपलब्धि से उत्तर प्रदेश के एनेस्थीसिया समुदाय में गौरव और उत्साह का वातावरण है। यह सम्मान प्रदेश के चिकित्सकों की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती अकादमिक पहचान, चिकित्सा उत्कृष्टता और रोगी सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। यह उपलब्धि एनेस्थीसिया चिकित्सा में उत्कृष्टता, नेतृत्व एवं सुरक्षित perioperative care को मजबूत करने की दिशा में उनके निरंतर योगदान का सम्मान है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times