Friday , April 17 2026

उप मुख्‍यमंत्री ने डॉक्‍टरों के तबादलों पर अपर मुख्य सचिव से पूछे गंभीर सवाल

-स्‍थानांतरण नीति का पालन न किये जाने की जानकारी मिलते ही मांगा विवरण

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के उप मुख्‍यमंत्री व चिकित्‍सा शिक्षा चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य परिवार कल्‍याण तथा मातृ एवं शिशु कल्‍याण विभाग के मंत्री ब्रजेश पाठक ने पिछले दिनों विभाग में हुए चिकित्‍साधिकारियों के स्‍थानांतरण को लेकर बड़े आदेश दिये हैं। उन्‍होंने अपर मुख्‍य सचिव चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य ये जानकारी मांगी है कि वर्तमान सत्र में जो भी स्‍थानांतरण किये गये है उनमें स्‍थानांतरण नीति का पूर्णत पालन न किये जाने की बात उनके संज्ञान में लायी गयी है, ऐसी स्थिति में जिन लोगों का स्‍थानांतरण किया गया है उनके स्‍थानांतरण किए जाने का कारण स्‍पष्‍ट करते हुए पूरा विवरण मांगा है।

अपर मुख्य सचिव को लिखे नोट में उप मुख्यमंत्री ने लिखा है कि उन्‍हें यह बताया गया है कि लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य जनपदों में स्थित बड़े अस्पतालों जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की अत्यंत आवश्यकता है से बड़ी संख्या डॉक्टरों को हटा तो दिया गया है उनके स्थान पर प्रतिस्थानी की नियुक्ति नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि लखनऊ प्रदेश की राजधानी है यहां वैसे भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की पहले से ही कमी है तथा प्रदेश के हर जनपद से गंभीर मरीजों को लखनऊ के लिए रेफर कर के भेजा जाता है ताकि उनका समुचित इलाज संभव हो सके ऐसे में इतने महत्वपूर्ण व बड़े अस्पतालों तथा अन्य जनपदों के बड़े अस्पतालों से इतनी बड़ी संख्‍या में डॉक्‍टरों का स्‍थानांतरण कर देने व उनके स्‍थान पर किसी को तैनात न करने के फलस्‍वरूप चिकित्‍सा व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए क्या किया जा रहा है, इसका विवरण उप मुख्यमंत्री ने मांगा है।

उन्होंने कहा है कि जिन जिन डॉक्टरों का स्थानांतरण किया गया है क्या यह सत्यापित कर लिया गया है कि स्थानांतरित डॉक्‍टरों की अवधि से अधिक अवधि वाला कोई भी डॉक्टर उस जनपद या मंडल या  अस्पताल में अब कार्यरत नहीं है।

उन्होंने यह भी पूछा है कि कितने चिकित्सा अधिकारी विभिन्न स्थानों से संबद्ध हैं तथा उनके संबद्धीकरण पर निर्णय कब किया जायेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के विवरण सहित उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।