Wednesday , March 18 2026

अपील रंग लायी : केजीएमयू के 25 रेजीडेंट डॉक्टर्स-स्टूडेंट्स ने किया रक्तदान

-डीन एकेडमिक्स, प्रो. वीरेंद्र आतम की देखरेख में आयोजित हुआ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

 

सेहत टाइम्स

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की संस्थान के रेजीडेंट डॉक्टरों, मेडिकल छात्रों से पिछले दिनों की गयी रक्तदान की अपील का प्रभाव मंगलवार 17 मार्च को फिर से देखने को मिला। केजीएमयू के डीन एकेडमिक्स, प्रो. वीरेंद्र आतम की देखरेख में आयोजित एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में MBBS के 25 छात्रों और रेजिडेंट डॉक्टरों ने रक्तदान किया।

प्रो आतम ने बताया कि परीक्षा और वार्ड ड्यूटी के व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद ये छात्र रक्तदान के लिए आगे आए। ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष डॉ. तुलिका चंद्रा ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान हमें स्वस्थ रहने में मदद करता है, क्योंकि इस प्रक्रिया में हमारी HIV, हेपेटाइटिस B और C, सिफिलिस और मलेरिया जैसी कई बीमारियों के लिए जाँच हो जाती है।

उन्होंने कहा कि नियमित रूप से रक्तदान करने वाले लोग आमतौर पर लंबे समय तक स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब इतनी कड़ी मेहनत करने वाले MBBS के छात्र और रेजिडेंट डॉक्टर रक्तदान के लिए आगे आ सकते हैं, तो समाज के अन्य लोग भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले सकते हैं।