-6 सितम्बर को धूमधाम से मनाया जायेगा चित्रगुप्त धाम का स्थापना दिवस

सेहत टाइम्स ब्यूरो
लखनऊ। भगवान श्री चित्रगुप्त धाम (झूलेलाल वाटिका, हनुमान सेतु मंदिर के सामने) लखनऊ का स्थापना दिवस 6 सितंबर को सायं 4 बजे से सोशल डिस्टेंस के साथ धूम धाम से मनाया जाएगा। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से सबकी रक्षा के लिए पूजन-हवन होगा। राजनीतिक क्षेत्र में उपेक्षित कायस्थ समाज की संख्या के आधार पर हिस्सेदारी के लिए मंथन भी होगा।
कार्यक्रम के संयोजक दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि स्थापना दिवस पर भगवान श्री चित्रगुप्त कथा, सभी के कल्याण के लिए पूजन, हवन, आरती होगी। उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, वरिष्ठ विधायक डॉ अरुण कुमार, पूर्व विधानपरिषद सदस्य विंध्यवासिनी कुमार, महापौर संयुक्ता भाटिया, संरक्षक विनोद विहारी वर्मा, आलोक रंजन, स्माइल मैन सर्वेश अस्थाना की उपस्थिति भी रहेगी। कोरोना काल में मानव कल्याण व समाज सेवा का कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। भगवान श्री चित्रगुप्त मंदिर अयोध्या से प्राप्त धर्म ध्वजा भी 6 सितंबर को लगवाई जाएगी। प्रसाद में कलम भी वितरित किया जाएगा।


कायस्थ फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि स्वामी त्रिदंडी जी महाराज रंगनाथ मठ नैमिष सीतापुर की गरिमामय उपस्थिति में भगवान श्री चित्रगुप्त घाट पर लखनऊ की जीवनदायिनी मां गोमती की आरती होगी।
कायस्थ फाउंडेशन ट्रस्ट के महामंत्री मनोज डिंगर ने तैयारियों के संदर्भ में बताया कि भगवान के वस्त्र, सजावट की जिम्मेदारी महिलाओं ने ली है। गंगा जल, दूध से भगवान को स्नान भी कराया जाएगा। प्रातः काल से ही तैयारी शुरू हो जाएगी।
