-राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश के साथ बैठक में प्रमुख सचिव ने दिया आश्वासन

सेहत टाइम्स
लखनऊ। गृह जनपद में तैनाती, पदोन्नति, नर्सेज के लिए पालनाघर सहित अन्य मांगों पर 15 दिनों के अंदर सकारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित कुमार घोष द्वारा दिये गये हैं। ये सभी मांगें वे हैं जिन पर राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश के अधिवेशन में उप मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में दी गयी सहमति दी जा चुकी है, लेकिन अब तक आदेश निर्गत नहीं हो पाये हैं।
यह जानकारी देेते हुुए राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश के महामंत्री अशोक कुमार ने बताया कि लंबित मांगों पर अब तक आदेश निर्गत न होने के संबंध में विचार-विमर्श करने के लिए आज 02 फरवरी को शासन में बैठक का आयोजन किया गया था। लाल बहादुर शास्त्री भवन, लखनऊ में हुई बैठक की अध्यक्षता प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित कुमार घोष द्वारा की गयी।
बैठक में करुणेश कुमार सिंह, विशेष सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सीमा श्रीवास्तव, निदेशक नर्सिंग तथा डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक नर्सिंग उपस्थित रहे, जबकि राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश की ओर से शार्ली भण्डारी (अध्यक्ष), अशोक कुमार (महामंत्री), गीतांशु वर्मा (कोषाध्यक्ष), सत्येंद्र कुमार (उपाध्यक्ष) एवं पवन कुमार मिश्रा (उपाध्यक्ष) ने बैठक में प्रतिभाग किया।
उन्होंने बताया कि बैठक में संघ द्वारा जो मांगें रखी गईं उनमें 1.नर्सेस की गृह जनपद में तैनाती। 2. रिक्त पदों पर शीघ्र पदोन्नति, 3. चिकित्सालयों में नर्सेस के लिए पालनाघर की व्यवस्था। 4. पोस्ट बेसिक नर्सिंग पाठ्यक्रम की भांति एम.एस.सी. नर्सिंग के लिए दो वर्षीय सवैतनिक अवकाश की स्वीकृति। 5. चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के वे पद, जिन्हें स्वशासी मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध कर दिया गया है, उन्हें पद सहित यथावत रखने अथवा संबंधित जनपद के अन्य चिकित्सालयों में आवंटित कर चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में वापस किए जाने की व्यवस्था की मांग शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि उप मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में सहमत इन सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य द्वारा 15 दिनों के भीतर सभी मांगों पर त्वरित कार्यवाही कर पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, साथ ही साथ ही संघ को शीघ्र कार्यवाही किए जाने का आश्वासन भी दिया गया। अंत में प्रमुख सचिव को पुष्प गुच्छ एवं अंग वस्त्र भेंट कर आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन हुआ।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times