-क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान में पहली दिसम्बर को एक दिवसीय अभ्युदय दर्शन 2026
-सभी के लिए प्रवेश नि:शुल्क, कार्यक्रम में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण आवश्यक

सेहत टाइम्स
लखनऊ। केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद (आयुष मंत्रालय, भारत सरकार) के अधीन संचालित क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, लखनऊ द्वारा आगामी 1 दिसंबर को ‘अभ्युदय दर्शन 2026 – ओपन हाउस (मुक्त द्वार दिवस)’ का आयोजन किया जा रहा है। इन्दिरा नगर, लखनऊ स्थित संस्थान परिसर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों,आयुर्वेदिक चिकित्सक,शिक्षक और आमजन को आयुर्वेद की पारंपरिक ज्ञान परंपरा तथा आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान कार्यों से रूबरू कराना है।
यह जानकारी संस्थान के प्रभारी सहायक निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह ने शनिवार 28 नवम्बर को आयोजित प्रेस वार्ता में दी। इस मौके पर संस्थान के अनुसंधान अधिकारी डॉ. कांबले पल्लवी नामदेव और डॉ. सुरेन्द्र कुमार भी उपस्थित रहे। डॉ संजय ने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों को संस्थान में उपलब्ध आयुर्वेद चिकित्सा सुविधाओं और नवीन वैज्ञानिक अनुसंधानों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। इस मुक्त द्वार दिवस में आम नागरिकों के लिए प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है।
डॉ. कांबले पल्लवी नामदेव और डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने मीडिया प्रतिनिधियों को संस्थान की शोध और चिकित्सकीय उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ‘सी.सी.आर.ए.एस. अभ्युदय दर्शन 2026’ के तहत 1 दिसंबर को देशभर के सभी परिषद अनुसंधान संस्थानों में एक साथ मनाया जाएगा।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times