-कालीचरण पीजी काॅंलेज में आयोजित नशा मुक्ति अभियान के कार्यक्रम में दिलायी नशामुक्त होने की शपथ

सेहत टाइम्स
लखनऊ। ”मेरा प्रयास है कि कालीचरण पीजी काॅलेज के युवा ‘नशा मुक्त अभियान’ के राजदूत बने। भारत के युवाओं का नशा मुक्त होना स्वस्थ भारत के लिए अति आवश्यक है। नशे से 40 तरह के कैंसर और 25 तरह की अन्य जानलेवा बीमारियां होती हैं। जब कोई व्यक्ति सिगरेट का नशा करता है तो 30% वह अपने को और 70% अन्य लोगों को नुकसान पहुंचाता है।”
यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह आह्वान किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ सूर्यकान्त ने आज 20 अगस्त को कालीचरण पीजी काॅलेज, लखनऊ में ‘‘नशा मुक्त फाॅर विकसित भारत संकल्प अभियान’’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि व मुख्य वक्ता के रूप में युवाओं को सम्बोधित करते हुए किया।
डॉ सूर्यकान्त ने कहा कि तम्बाकू पर प्रतिबन्ध लगाने के लिए उन्होंने 9 बार प्रधानमंत्री को चिठ्ठी लिखी है। कार्यक्रम में युवाओं को नशा मुक्त होने की शपथ दिलवाते हुए आपने कहा कि आपका दायित्व है कि जो आपके-अपने नशा कर रहे हैं, उनकी काउंसलिंग और मेडिकल सहायता से नशा छुडाने का प्रयास करें।
नशे से मुक्त युवा शक्ति ही कर सकती है नेतृत्व
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक इं0 वीके मिश्र ने की। उन्होंने कहा कि ‘‘विकसित भारत के सपने को सच करने के लिए युवाओं को आगे आना होगा, और वही युवा शक्ति नेतृत्व और सृजन कर सकती है, जो नशे से मुक्त हो।’’
कार्यक्रम में सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो0 चन्दमोहन उपाध्याय ने कहा कि भारत देश में 18 करोड़ युवा नशे का शिकार हैं, जो कि बहुत ही चिन्ता का विषय है। नशे के भंवर में फंसकर हम अपना और अपने परिवार का विनाश कर लेते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रो0 & हेड डाॅ0 कल्याणी द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका प्रो मीना कुमारी, प्रो अर्चना मिश्रा, प्रो वीएन मिश्र, डाॅ डी.सी.डी.आर पाण्डेय, डाॅ मनीषा सिंह, डाॅ अल्का द्विवेदी सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक गण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times