Tuesday , July 28 2026

बलरामपुर अस्पताल में निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर नये निदेशक ने दी कड़ी चेतावनी

-डॉ. बी.के.एस. चौहान ने इमरजेंसी से लेकर वार्डों तक निरीक्षण कर परखीं व्यवस्थाएं

सेहत टाइम्स

​लखनऊ। बलरामपुर चिकित्सालय, लखनऊ के निदेशक डॉ. बी.के.एस. चौहान ने आज चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त और मरीजों के अनुकूल बनाने के लिए परिसर का गहन निरीक्षण किया। ​निदेशक ने इमरजेंसी, पैथोलॉजी, सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक, ओपीडी और सभी वार्डों का करीब दो से तीन घंटे तक राउंड लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक-एक व्यवस्था को खुद परखा और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।

​समयबद्धता और लापरवाही पर कड़ी फटकार

राउंड के दौरान डॉ. चौहान ने अधिकारियों, स्टाफ को सख्त लहजे में हिदायत दी कि मरीजों की सेवा में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पालन (Punctuality), साफ-सफाई और मरीजों की देखभाल को लेकर जहाँ भी कमियाँ पाई गईं, वहाँ उपस्थित जिम्मेदार स्टाफ को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए।

​शाम को पुनः नई बिल्डिंग का निरीक्षण

निदेशक ने शाम को अस्पताल छोड़ने से पहले, करीब 7 बजे एक बार फिर नई बिल्डिंग के सभी वार्डों का राउंड किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में उपस्थित सभी कर्मियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि अस्पताल का उद्देश्य हर मरीज को समय पर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना है। ​डॉ. बीकेएस चौहान के इस कड़े रुख और निरंतर सक्रियता से जहाँ एक ओर अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों में अनुशासन का माहौल बना है, वहीं दूसरी ओर दूर-दराज से आने वाले मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है।

ज्ञात हो डॉ चौहान बलरामपुर अस्पताल में अधीक्षक रह चुके हैं, कहां सुधार करना है कहां नहीं, इस बारे में उनको अच्छी जानकारी है।