-सरकारी हों या प्राइवेट सभी चिकित्सकों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने जमकर किया योग
-सभी सरकारी संस्थानों, अस्पतालों में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

सेहत टाइम्स
लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के अवसर पर राजधानी लखनऊ में भी बड़ी संख्या में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य में अद्भुत भूमिका निभाने वाले योग की क्रियाओं को दवाओं से इलाज करने वाले चिकित्सकों, पैरा मेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट सहित अन्य कर्मियों ने पूरे मनोयोग किया। सरकारी संस्थानों, अस्पताल, निजी प्रतिष्ठानों में ट्रेनर की देखरेख में विभिन्न प्रकार के योगासन किये गये। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में कुलपति पद्मश्री प्रो सोनिया नित्यानंद के साथ फैकल्टी व अन्य ने योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लिया।

एसजीपीजीआई में अष्टांग योग के आठ मार्गों पर विस्तार से बताया निदेशक ने
एसजीपीजीआई SGPGI में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महाराजा अग्रसेन हिमालयन गढ़वाल यूनिवर्सिटी के योग विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर योगाचार्य डॉ. रवींद्र वर्मा थे। निदेशक पद्मश्री प्रो. आर. के. धीमन ने सभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य के लिए योग के समग्र दृष्टिकोण (holistic approach) के महत्व पर प्रकाश डाला और मानसिक मजबूती बढ़ाने तथा जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार करने में इसकी भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने अष्टांग योग के आठ मार्गों – यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि – के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डीन प्रो. शालीन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र गुप्ता सहित अन्य फैकल्टी, स्टाफ सदस्यों और छात्रों सहित सभी हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एक प्रतिज्ञा ली। प्रतिज्ञा में कहा गया कि “हमें अपने मन को हमेशा संतुलित रखना है। इसमें ही हमारा आत्मविकास समाया है। मैं खुद के प्रति, कुटुंब के प्रति, काम, समाज और विश्व के प्रति, शांति, आनंद और स्वास्थ्य के प्रचार के लिये बद्ध हूँ।”

आरएमएलआई में हुआ योगासन, नाड़ी शोधन एवं भ्रामरी प्राणायाम
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के अकादमिक ब्लॉक स्थित ऑडिटोरियम में योग कार्यक्रम संपन्न हुआ। उच्च अधिकारीगण के निर्देशानुसार इस कार्यक्रम का आयोजन फिजियोलॉजी विभाग द्वारा प्रो. डॉ. सुनीता तिवारी, डॉ. रजनी बाला जसरोटिया, डॉ. मनीष कुमार वर्मा एवं अन्य संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन में किया गया। योग सत्र का संचालन योगाचार्य ओम नारायण अवस्थी की उपस्थिति में योग प्रशिक्षक मोनिका एवं आनंद द्वारा किया गया। प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार के साथ वक्रासन, चक्रासन, भुजंगासन जैसे विभिन्न योगासन तथा नाड़ी शोधन एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. सी.एम. सिंह, डीन डॉ. प्रद्युम्न सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह सहित अन्य चिकित्सक, छात्र-छात्राएं, कर्मचारी आदि की उपस्थिति रही।

आरएसएम संयुक्त चिकित्सालय में गुब्बारे उड़ाकर हुआ शुभारम्भ
राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय, साढ़ामऊ में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर निदेशक, लखनऊ मंडल, डॉ. जी. पी. गुप्ता ने गुब्बारे उड़ाकर किया। उन्होंने उपस्थित डॉक्टरों, चिकित्साकर्मियों. कर्मचारियों, छात्र-छात्राएं एवं प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग और व्यायाम केवल शारीरिक क्रियाएं नहीं हैं, बल्कि अपने शरीर की पूजा के समान हैं। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को न सिर्फ स्वस्थ, ऊर्जावान एवं मानसिक रूप से संतुलित बनाए रखता है, बल्कि व्यक्ति के जीवन में सकारात्मकता, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी संचार करता है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी समस्याओं और मानसिक तनाव से बचाव के लिए नियमित योगाभ्यास अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुमित महाराज, डॉ सुशील प्रकाश, पूर्व निदेशक बलरामपुर हॉस्पिटल , वरिष्ठ चिकित्सक डॉ यूएस लाल, डॉ कामेश गौतम, डॉ अशोक, डॉ पूजा, डॉ स्नेहलता, डॉ पुष्पेंद्र लता, डॉ स्निग्धता, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर वंदना सिंह, अरविन्द श्रीवास्तव आलोक, महेश, दिलीप व अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

केएसएसएससीआई में किया गया योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान
कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ में उत्साहपूर्वक योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो.एम.एल.बी.भट्ट ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में योग, तनाव को कम करने, कार्यक्षमता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संयोजन संस्थान की एडिशनल प्रोफेसर एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की नोडल अधिकारी डॉ. इंदुबाला मौर्य तथा उनकी टीम द्वारा किया गया। योग प्रशिक्षक कुलदीप यादव के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में निदेशक प्रो. एम.एल.बी.भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजेंद्र, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, वित्त अधिकारी उपेंद्र तिवारी सहित संस्थान के संकाय सदस्य, रेजिडेंट चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी एवं अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सिविल अस्पताल : भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर योग विश्व को राह दिखा रहा
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय, लखनऊ में निदेशक डॉ जी पी गुप्ता के नेतृत्व में भव्य-योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योगाभ्यास योगगुरु डॉ पी के मिश्रा, गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार एवं चिकित्सालय के आयुष विभाग के चिकित्सक डॉ राजेश्वर राव (पी एच डी योगा) एवं टीम द्वारा कराया गया। कार्यक्रम के पूर्व प्रधानमंत्री के योग कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एच.डी. अग्रवाल, महानिदेशक परिवार कल्याण, उत्तर प्रदेश उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो आज पूरे विश्व को स्वास्थ्य, संयम और जीवन-शैली सुधार का मार्ग दिखा रही है। अस्पताल के निदेशक डा जी पी गुप्ता ने सभी को यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ तन, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। इस अवसर पर पूर्व महानिदेशक डॉ. डी.एस. नेगी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेश चंद्र पांडे तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शिवराज सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में चिकित्सालय के चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, नर्सेज, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामूहिक रूप से योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।

आईएमए भवन में चिकित्सकों ने किया योग
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, लखनऊ शाखा द्वारा आईएमए भवन, लखनऊ में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईएमए लखनऊ के चिकित्सकों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रयाग आरोग्यम् केंद्र, योग प्रशिक्षण एवं योगाभ्यास केंद्र, की योग गुरु ज्योति यादव ने सभी प्रतिभागियों को लगभग एक घंटे तक योगाभ्यास कराया। उन्होंने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े अभ्यास करवाए। उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ जीवनशैली, तनाव नियंत्रण और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आईएमए लखनऊ की सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष डॉ. रुखसाना खान, डॉ. नीरज टंडन, डॉ. सरस्वती, डॉ. शाश्वत सक्सेना, डॉ. निरुपमा सहित कई अन्य चिकित्सकों एवं सदस्यों ने सहभागिता की।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times